नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन का बड़ा असर अब दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र कनॉट प्लेस (Connaught Place) पर देखने को मिल रहा है।
सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने NDMC की सलाह पर आज, 23 जुलाई 2026 को शाम 6:30 बजे तक कनॉट प्लेस के सभी दुकानों, दफ्तरों और रेस्तरां को बंद करने की सख्त अपील जारी की है।
NDTA की एडवाइजरी: अप्रिय घटना से बचने के लिए उठाया गया कदम
NDMC (नई दिल्ली नगर पालिका परिषद) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की सलाह के बाद NDTA द्वारा जारी पत्र में व्यापारियों और दफ्तरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं:
- सख्त निर्देश: कनॉट प्लेस के सभी इनर और आउटर सर्कल की दुकानें, ऑफिस और रेस्टोरेंट शाम 6:30 बजे तक पूरी तरह बंद कर दिए जाएं।
- सुरक्षा कारण: पिछले कुछ दिनों (20 से 22 जुलाई) के दौरान आउटर सीपी और रिंग रोड पर पुलिस व प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच हुई तीखी झड़पों और बिगड़ते माहौल को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
राजीव चौक समेत 16 मेट्रो स्टेशन बंद, यात्रियों की बढ़ी मुसीबतें
प्रदर्शन के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने एहतियातन दिल्ली के दिल कहे जाने वाले राजीव चौक मेट्रो स्टेशन समेत 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए हैं:
बंद रहने वाले प्रमुख स्टेशन: राजीव चौक, पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, बाराखंभा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, जोर बाग, खान मार्केट, शिवाजी स्टेडियम, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ और इंद्रप्रस्थ। कनॉट प्लेस को जल्दी बंद कराने और भारी सुरक्षा बल (रैपिड एक्शन फोर्स) की तैनाती पर राजनीति भी तेज हो गई है।
विपक्ष ने मोदी सरकार को घेरा है और निशाना साधा है। वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा-केजरीवाल ने लिखा, “6.30 बजे बंद करने के आदेश, जबरदस्त सिक्योरिटी और ढेर सारी एम्बुलेंस… क्या मोदी सरकार आज फिर जंतर-मंतर पर अपने बच्चों पर बर्बर हमला करेगी?”