2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर क्रिकेट फैंस का उत्साह अभी से चरम पर पहुंचने लगा है। टूर्नामेंट शुरू होने में करीब एक साल बाकी है, लेकिन टिकट हासिल करने की होड़ ने इसकी लोकप्रियता का अंदाजा दे दिया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के मुताबिक, टिकट बैलेट शुरू होने के शुरुआती 12 दिनों में ही 1.5 करोड़ से ज्यादा टिकट एप्लिकेशन मिल चुकी हैं। दुनिया के 142 देशों के प्रशंसकों ने इस प्रक्रिया में हिस्सा लिया है।
आईसीसी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 15,083,752 टिकट एप्लिकेशन प्राप्त हुई हैं, जबकि 4,423,417 बैलेट रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए हैं। ये आंकड़े दिखाते हैं कि 2027 वनडे विश्व कप को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कितनी दिलचस्पी है। टिकटों की मांग में इतनी तेजी से बढ़ोतरी टूर्नामेंट की लोकप्रियता और फैंस के बीच बढ़ते उत्साह को भी दर्शाती है।
तीन देशों में होगा क्रिकेट का महाकुंभ
2027 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। यह विश्व कप अफ्रीका में क्रिकेट के सबसे बड़े आयोजनों में से एक होगा। तीनों देशों में होने वाले मुकाबलों को देखने के लिए दुनिया भर के प्रशंसकों को टिकट बैलेट के जरिए अपनी पसंद के मैचों के लिए आवेदन करने का मौका दिया गया है।
आईसीसी के मुताबिक, शुरुआती दौर में टिकटों के लिए आवेदन करने वाले प्रशंसकों के बीच चयन प्रक्रिया में इस बात का फर्क नहीं होगा कि उन्होंने बैलेट में किस समय अपनी एंट्री दर्ज कराई। निर्धारित अवधि के दौरान आए आवेदनों पर समान रूप से विचार किया जाएगा।
एक फैन कितने टिकटों के लिए कर सकता है आवेदन?
टिकट बैलेट की प्रक्रिया में प्रशंसक अपनी पसंद के एक या कई मैचों के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक मैच के लिए किया गया आवेदन अलग एंट्री माना जाएगा। एक मैच के लिए अधिकतम चार टिकटों की मांग की जा सकती है। आवेदन करते समय फैंस अपनी पसंद के टिकट विकल्प भी चुन सकते हैं।
इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए फिलहाल कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। जिन प्रशंसकों के आवेदन चुने जाएंगे, उनसे ईमेल के जरिए संपर्क किया जाएगा। इसके बाद उन्हें उपलब्ध टिकटों की पुष्टि करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर आगे की प्रक्रिया पूरी करने का मौका मिलेगा।
आईसीसी ने टिकटों की मांग पर क्या कहा?
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने टिकटों की भारी मांग को विश्व कप की लोकप्रियता और प्रतिष्ठा का प्रमाण बताया। उनके मुताबिक, इस उत्साह के पीछे क्रिकेट विश्व कप का वैश्विक आकर्षण, पर्यटन स्थल के रूप में अफ्रीका की लोकप्रियता और टूर्नामेंट से पहले आईसीसी तथा उसके साझेदारों की प्रचार गतिविधियों की अहम भूमिका है।
टिकटों के लिए शुरुआती दिनों में सामने आए आंकड़े संकेत देते हैं कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी काफी अधिक है। अब देखना होगा कि टिकट बैलेट की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ आवेदन की संख्या किस स्तर तक पहुंचती है।