मुंबई: गणपति उत्सव के दौरान मुंबई में लालबागचा राजा के दर्शन के लिए आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ बॉलीवुड सितारों का पहुंचना भी जारी है। इस बार अभिनेता संजय दत्त और राजपाल यादव का अंदाज खास तौर पर चर्चा में रहा। संजय दत्त ने बप्पा के दर्शन के दौरान पत्नी मान्यता दत्त की मांग में सिंदूर भरा, वहीं राजपाल यादव VIP लाइन से अलग आम श्रद्धालुओं के बीच कतार में खड़े नजर आए।
राजपाल यादव ने VIP लाइन छोड़ आम भक्तों के साथ किया इंतजार
राजपाल यादव का सादगी भरा अंदाज वहां मौजूद श्रद्धालुओं का ध्यान खींच गया। अभिनेता आम भक्तों की तरह लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने उन्हें पहचान लिया और मोबाइल कैमरे में उनका वीडियो बनाने लगे।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में राजपाल यादव आम श्रद्धालुओं के साथ लाइन में खड़े होकर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अलग VIP सुविधा लेने के बजाय आम भक्तों के साथ कतार में लगकर गणपति बप्पा के दर्शन किए।
उनका यही अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी उनके इस सादगी भरे व्यवहार की तारीफ की जा रही है।
संजय दत्त ने बप्पा के सामने पत्नी मान्यता की भरी मांग
वहीं, संजय दत्त भी पत्नी मान्यता दत्त के साथ लालबागचा राजा के दरबार में पहुंचे। नारंगी रंग के कुर्ते में संजय दत्त नजर आए, जबकि मान्यता दत्त गुलाबी रंग की पारंपरिक पोशाक में दिखाई दीं।
दर्शन और पूजा के दौरान संजय दत्त ने तिलक लगाया। इसके बाद उन्होंने बप्पा के चरणों का सिंदूर लेकर मान्यता दत्त की मांग में भरा। दोनों ने साथ मिलकर गणपति बप्पा की पूजा की और आशीर्वाद लिया।
संजय और मान्यता के इस पल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। कपल के इस अंदाज को देखकर उनके फैंस ने इसे खास और भावुक पल बताया।
लालबागचा राजा के दर्शन को पहुंचे कई बड़े सितारे
गणपति उत्सव के दौरान हर साल की तरह इस बार भी लालबागचा राजा के दरबार में बॉलीवुड और फिल्म जगत की कई हस्तियां पहुंच रही हैं। इससे पहले शाहरुख खान, सुहाना खान, गौरी खान, गोविंदा, सुनीता आहूजा, अनंत अंबानी और रणवीर सिंह समेत कई सेलिब्रिटीज को यहां बप्पा के दर्शन करते देखा गया।
लालबागचा राजा के दर्शन के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में आम भक्तों के साथ सेलिब्रिटीज की मौजूदगी भी उत्सव के दौरान लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रहती है।