नोएडा: नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र ईकोटेक-3 स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आग पर काबू पाने की कार्रवाई के बीच फैक्ट्री की एक दीवार और लोहे का बीम अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना सोमवार देर रात की है।
दमकल विभाग को आग लगने की सूचना मिलते ही कम से कम छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। स्थानीय पुलिस और दमकलकर्मियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसी दौरान हादसा हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दीवार और लोहे का बीम गिरने से पांच दमकलकर्मी घायल
पुलिस के अनुसार, आग बुझाने की कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री परिसर की एक दीवार और लोहे का बीम अचानक भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से मुख्य कांस्टेबल चालक राजपाल सिंह, दमकलकर्मी मनीष कुमार, मुख्य कांस्टेबल चालक तीरथपाल सिंह, दमकलकर्मी अमित कुमार और दमकलकर्मी रोहित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान दो दमकलकर्मियों ने तोड़ा दम
अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दमकलकर्मी रोहित यादव और मुख्य कांस्टेबल चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल अन्य तीन दमकलकर्मियों राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर है।
रात में मिला था आग लगने का अलर्ट
पुलिस के मुताबिक, 3 और 4 अगस्त 2026 की दरमियानी रात ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया। आग बुझाने की कार्रवाई के दौरान ही यह हादसा हुआ।
मौके पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तैनात
घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और राज्य आपदा मोचन बल की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।