गुरुग्राम (हरियाणा)। हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम से प्यार, धोखे और ब्लैकमेलिंग का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और बिजनेसमैन दोनों को हैरान कर दिया है। रिसेप्शनिस्ट की नौकरी से शुरुआत कर बिजनेसमैन को अपने ‘हनीट्रैप’ (Honeytrap) के जाल में फंसाने वाली वर्षा नाम की महिला का काला चिट्ठा अब परत-दर-परत खुल रहा है।
धोखाधड़ी, फर्जी केस में फंसाने और संपत्ति पर अवैध कब्जे के आरोप में गुरुग्राम के सेक्टर-65 थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई वर्षा के खिलाफ उसके ही पतियों ने रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे किए हैं। जांच में सामने आया है कि वर्षा और उसके परिवार के खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 13 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पहला केस (लैब ओनर सचिन): किडनैपिंग-दुष्कर्म का झूठा केस, 62 दिन जेल और 15 लाख की लैब की डिमांड
गुरुग्राम स्थित एक पैथोलॉजी लैब के मालिक सचिन सिंह राजपूत ने पुलिस को वर्षा के काले कारनामों की पूरी कहानी बताई:
- नौकरी से हटाया तो लिया बदला: वर्षा सचिन की लैब में रिसेप्शनिस्ट थी। लेनदेन में हेरफेर और संदिग्ध गतिविधियों के कारण सचिन ने उसे नौकरी से निकाल दिया था।
- फर्जी दस्तावेज और 62 दिन जेल: बदला लेने के लिए वर्षा ने सचिन के भतीजे को अपने जाल में फंसाया, होटल में सचिन की आईडी यूज की और फर्जी कागजातों के आधार पर सचिन के खिलाफ किडनैपिंग और रेप की FIR दर्ज करा दी। इस झूठे केस के कारण सचिन को 62 दिन जेल में बिताने पड़े।
- समझौते की शर्त: जेल से छूटने और एफआईआर रद्द कराने के ऐवज में वर्षा ने हर महीने 15 लाख रुपये कमाने वाली लैब की ऑनरशिप अपने नाम करने की मांग रखी। सामाजिक बदनामी के डर से सचिन को उससे शादी तक करनी पड़ी। बाद में पुलिस जांच में सचिन पूरी तरह निर्दोष साबित हुए।
दूसरा केस (रियल एस्टेट कारोबारी संदीप): नशीली चाय देकर शादी, 21 लाख की वसूली और ऑफिस पर कब्जा
भिवानी के रहने वाले और गुरुग्राम में रियल एस्टेट कारोबारी संदीप कुमार (वर्षा के तीसरे पति) ने भी आपबीती सुनाई:
- पिछली दो शादियां छिपाईं: वर्षा 2023 में संदीप के ऑफिस में रिसेप्शनिस्ट बनी। उसने अपनी पिछली दो शादियों (अंकित चौधरी और सचिन) की बात छिपाकर जून 2023 में संदीप से शादी कर ली।
- नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप: संदीप का आरोप है कि वर्षा उन्हें चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर देती थी और शादी का दबाव बनाती थी। शादी के बाद वह झूठे रेप और किडनैपिंग केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगी।
- 21 लाख रुपये ऐंठे और दफ्तर पर ताला: वर्षा ने संदीप से 2 करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदने के नाम पर 21 लाख रुपये ऐंठ लिए। हद तो तब हो गई जब 12 जून को वर्षा ने अपने परिजनों के साथ मिलकर संदीप के ऑफिस पर जबरन कब्जा कर लिया, अपने ताले जड़ दिए और सीसीटीवी का एक्सेस अपने हाथ में ले लिया।
पुलिस का एक्शन: कोर्ट ने भेजा जेल, एफआईआर में जुड़ीं संगीन धाराएं
सेक्टर-65 थाने के SHO रामवीर ने बताया कि पुलिस जांच में सचिन सिंह राजपूत के खिलाफ वर्षा द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह झूठे पाए गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई का रुख मोड़ते हुए उल्टे वर्षा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
संदीप कुमार की शिकायत पर पुलिस ने धोखे से शादी करने, जबरन कब्जा करने और उगाही की धाराएं भी केस में जोड़ दी हैं। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी वर्षा को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। पुलिस अब वर्षा के पूरे नेटवर्क और अन्य शिकार हुए लोगों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।