अयोध्या: राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने के महज 24 घंटे के भीतर एक हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, आवेदन की अंतिम तिथि 18 जुलाई निर्धारित की गई है, जबकि 22 जुलाई को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में नए सीईओ के नाम का ऐलान किया जा सकता है।
24 घंटे में रिकॉर्ड आवेदन, चयन प्रक्रिया होगी और सख्त
सूत्रों के अनुसार, तीन सदस्यीय चयन समिति की ओर से जारी अधिकृत ईमेल आईडी पर मंगलवार देर रात तक एक हजार से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए। बताया गया कि नोटिफिकेशन जारी होने के शुरुआती कुछ घंटों में ही करीब 750 आवेदन मिल गए थे। बड़ी संख्या में आए आवेदनों को देखते हुए चयन समिति ने उनकी जांच और छंटनी की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए एक सचिव नियुक्त करने का निर्णय लिया है।
देशभर से पूर्व नौकरशाह और सैन्य अधिकारी भी दावेदार
ट्रस्ट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आवेदन करने वालों में देश के विभिन्न राज्यों के कई सेवानिवृत्त नौकरशाह शामिल हैं। इसके अलावा सेना में प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा चुके रिटायर्ड सैन्य अधिकारियों ने भी आवेदन किया है। इनमें कई ऐसे उम्मीदवार भी हैं, जिन्हें धार्मिक संस्थानों के प्रबंधन का अनुभव है।
सीईओ के जिम्मे होगी मंदिर की प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था
राम मंदिर के पहले सीईओ को ट्रस्ट के दैनिक संचालन के साथ-साथ मंदिर की प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। चयन के लिए निर्धारित मानदंडों के अनुसार, उम्मीदवार के पास किसी बड़े सार्वजनिक संस्थान, विभाग या संगठन का कम से कम 20 वर्ष का प्रशासनिक अनुभव होना आवश्यक है। सामान्य प्रशासन, वित्त, जनसंपर्क और विधिक मामलों का अनुभव रखने वाले सेवानिवृत्त अधिकारी भी इस पद के लिए पात्र हैं।
19 जुलाई को होगी स्क्रीनिंग, इंटरव्यू का बनेगा कार्यक्रम
सूत्रों के अनुसार, चयन समिति 19 जुलाई को बैठक कर प्राप्त आवेदनों की जांच-पड़ताल शुरू करेगी और योग्य उम्मीदवारों के इंटरव्यू का कार्यक्रम तय करेगी। जरूरत पड़ने पर वरिष्ठता के आधार पर ऑनलाइन पैनल इंटरव्यू भी आयोजित किए जा सकते हैं। अंतिम निर्णय 19 जुलाई की बैठक के बाद आगे बढ़ाया जाएगा।
पूर्व आईपीएस अधिकारी ने भी किया आवेदन
सीईओ पद के लिए सार्वजनिक रूप से आवेदन की पुष्टि करने वालों में पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर भी शामिल हैं। उनका कहना है कि ट्रस्ट द्वारा निर्धारित पात्रता मानदंडों के आधार पर स्वयं को योग्य मानते हुए उन्होंने इस पद के लिए आवेदन किया है।