पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला स्थित एक सरकारी स्कूल में छह साल की मासूम बच्ची के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले आठ साल के छात्र ने केजी की छात्रा को स्कूल की पहली मंजिल पर बुलाकर उस पर हमला किया। सीसीटीवी फुटेज में छात्र बच्ची को लात-घूंसे मारते, उसका सिर बेंच से टकराते और ईंट व गमले से वार करते दिखाई दे रहा है। बताया गया है कि बच्ची के बेहोश होने के बाद भी हमला नहीं रुका।
घटना 28 अक्टूबर को पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई। बच्ची को गंभीर चोटें आईं और उसे इलाज के लिए चंडीगढ़ स्थित पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने दो जेबीटी शिक्षिकाओं सिमरनजीत कौर और पूजा रानी को निलंबित कर दिया है। वहीं, पुलिस ने शुरुआती जांच में स्कूल प्रशासन की लापरवाही सामने आने के बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, बेहोश होने के बाद भी जारी रहा हमला
परिवार की ओर से साझा किए गए सीसीटीवी फुटेज में छात्र बच्ची के साथ लगातार मारपीट करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि उसने बच्ची को बालों से पकड़कर घसीटा और उसका सिर बेंचों पर पटका। इसके बाद ईंट और गमले से भी उस पर वार किए गए।
परिजनों का आरोप है कि बच्ची बेहोश हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद छात्र ने उसे पीटना बंद नहीं किया। परिवार का यह भी कहना है कि स्कूल के प्रिंसिपल के कमरे में सीसीटीवी स्क्रीन लगी होने के बावजूद किसी की नजर घटना पर नहीं पड़ी। जब परिजन बच्ची को तलाशते हुए स्कूल पहुंचे, तो आरोपित छात्र ही उन्हें उस जगह तक लेकर गया, जहां बच्ची मौजूद थी।
दो JBT शिक्षिकाएं निलंबित, शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई
घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो जेबीटी शिक्षिकाओं को निलंबित कर दिया है। निलंबित शिक्षिकाओं की पहचान सिमरनजीत कौर और पूजा रानी के रूप में हुई है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी की ओर से दोनों के निलंबन के आदेश जारी किए गए हैं।
इस मामले में हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने पंचकूला के जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है कि वह मामले में शिक्षा विभाग की ओर से की गई कार्रवाई की विस्तृत और बिंदुवार तथ्यात्मक रिपोर्ट सौंपें।
DCP अदिति सिंह ने बताया- बच्ची खतरे से बाहर
पंचकूला की डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि 28 अक्टूबर को सेक्टर-20 स्थित सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में यह घटना हुई थी। इसमें आठ साल के एक छात्र ने कक्षा के अंदर छह साल की छात्रा के साथ मारपीट की।
डीसीपी के मुताबिक, बच्ची का चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है। उसके माता-पिता भी उसके साथ मौजूद हैं। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल नाबालिग छात्र का किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत विशेषज्ञों से मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन कराया जा रहा है। आगे की कार्रवाई इसी प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी।
स्कूल प्रशासन के खिलाफ FIR, पुलिस जारी करेगी SOP
पुलिस जांच में शुरुआती तौर पर स्कूल प्रशासन की लापरवाही सामने आने के बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। डीसीपी अदिति सिंह के अनुसार, स्कूल प्रशासन के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच निष्पक्षता और गंभीरता से की जाएगी। साथ ही पंचकूला के स्कूलों के लिए एक विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करने का फैसला लिया गया है। इसका पालन जिले के सभी स्कूलों के लिए अनिवार्य होगा।
परिवार ने बच्ची का वीडियो साझा कर मांगी दुआ
पीजीआई में इलाज करा रही बच्ची के परिवार ने सोशल मीडिया पर उसका वीडियो साझा किया है। परिजनों ने लोगों से बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने की अपील की है। वीडियो में बच्ची को आई चोटों को लेकर परिवार ने चिंता जताई है।
इस घटना ने स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि शिक्षा विभाग और बाल अधिकार संरक्षण आयोग की ओर से भी कार्रवाई की जा रही है।