पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। सोमवार यानि 2 नवंबर को अमृतसर उत्तर से विधायक और पूर्व IPS अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से विधायक चेतन सिंह जौरामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के BJP में शामिल होने की खबर सामने आई है। बताया गया कि तीनों नेता दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में पार्टी में शामिल हुए हैं। इस घटनाक्रम से पंजाब में चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है।
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधायक पद से भी दिया इस्तीफा
बीजेपी की सदस्यता लेने से ठीक पहले ‘आप’ से निलंबित विधायक और पूर्व IPS अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने एक बड़ा दांव खेलते हुए पंजाब विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। अमृतसर उत्तर सीट से विधायक कुंवर विजय प्रताप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक) पर पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना आधिकारिक इस्तीफा पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान को भेज दिया है। इस्तीफा देने के तुरंत बाद वह दोनों अन्य बागी विधायकों के साथ दिल्ली पहुंचे और बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली।
संडे को इस्तीफा, मंडे को बीजेपी में एंट्री
पंजाब की राजनीति में यह फेरबदल बेहद तेजी से हुआ। पटियाला जिले की समाना सीट से विधायक चेतन सिंह जौरामाजरा और सनौर सीट से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने रविवार को ही आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दिया था।
इसके अगले ही दिन (सोमवार को) दोनों नेताओं ने कुंवर विजय प्रताप सिंह के साथ हाथ मिलाकर बीजेपी का दामन थाम लिया। 2027 के विधानसभा चुनावों से ठीक पहले आम आदमी पार्टी के इन तीन मजबूत चेहरों का एक साथ पाला बदलना ‘आप’ के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले तीन विधायकों के इस्तीफे और BJP में शामिल होने की खबरों ने राज्य की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। अगर इन घटनाक्रमों की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो यह AAP के लिए राजनीतिक चुनौती बन सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पार्टी इस नुकसान से कैसे निपटती है और आगामी चुनाव में इसका क्या असर पड़ता है।