मुंबई: ‘बिग बॉस 20’ के घर में कैप्टेंसी की रेस शुरू होते ही कंटेस्टेंट्स के बीच समीकरण तेजी से बदलते नजर आए। कैप्टेंसी टास्क के साथ किचन की जिम्मेदारियों और कथित भेदभाव को लेकर भी घर में बहस तेज हो गई। माही विज और उदिति के बीच तनातनी ने माहौल गर्म कर दिया। इसी बीच कैप्टेंसी के दावेदारों को मिले एक खास अधिकार के बाद मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी को मिड-वीक एविक्शन में घर से बाहर होना पड़ा।
कैप्टेंसी की रेस में इन कंटेस्टेंट्स ने बनाई जगह
कैप्टेंसी टास्क के पहले राउंड के बाद अरिश्फा, उदिति और अमन ने लव के अगले कदम को लेकर चर्चा की। दूसरे राउंड में लव ने गुल्लू को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया। तीसरे राउंड में लव ने यंग से गुल्लू को हटाने की बात कही, हालांकि उनका कहना था कि गुल्लू ने बतौर कैप्टन अच्छा काम किया है, लेकिन अब दूसरे सदस्यों को भी मौका मिलना चाहिए।
टास्क आगे बढ़ने के साथ यंग डीएसए, माही विज और उदिति कैप्टेंसी की दौड़ में प्रमुख दावेदार बनकर सामने आए।
काजी तौकीर के समर्थन में उतरीं माही विज
लॉलीपॉप वाले कमेंट को लेकर घर में हुए विवाद के दौरान माही विज ने काजी तौकीर का बचाव किया। माही ने सवाल उठाया कि जब घर में दूसरे लोग भी इससे ज्यादा आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं, तो सिर्फ काजी को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है।
माही ने कहा कि घर में दूसरों की गालियां बिस्तर तक सुनाई देती हैं, ऐसे में केवल काजी को टोकना उचित नहीं है। इस पर अमरपाली, यंग और स्काउट ने जवाब दिया कि बाकी लोग किसी व्यक्ति को सीधे तौर पर इस तरह की बातें नहीं कहते। इस मुद्दे पर कंटेस्टेंट्स के बीच काफी देर तक बहस होती रही।
किचन की राजनीति पर माही का गुस्सा
कैप्टेंसी की लड़ाई के साथ घर की किचन व्यवस्था भी विवाद की वजह बन गई। माही विज ने खाने को लेकर कथित भेदभाव पर नाराजगी जताई। जब मैरी कॉम ने आम्रपाली दुबे और लव से कहा कि माही और उदिति दुश्मनों जैसी नजर आती हैं, तो अमरपाली ने उन्हें दोनों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।
अमरपाली का कहना था कि जो व्यक्ति आपकी इज्जत नहीं करता, उससे सामान्य तरीके से बातचीत करने की जरूरत नहीं है। इस बातचीत के बाद किचन को लेकर घर का माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
खाने की टेबल पर छलका माही विज का दर्द
माही विज ने अमन से बातचीत के दौरान किचन को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मैरी कॉम से उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन खाने में कथित भेदभाव अब उनके लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
माही ने भावुक होकर कहा कि उन्हें वहां खाना खाने में शर्म महसूस होती है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को भेदभाव करना है तो सामने से करे, पीठ पीछे इस तरह की हरकत न की जाए।
कैप्टेंसी के दावेदारों को मिला किसी एक को बाहर करने का अधिकार
एविक्शन का फैसला उस समय आया जब बिग बॉस ने कैप्टेंसी के दावेदार माही विज, उदिति और यंग डीएसए को बुलाकर पूछा कि वे शो में क्यों आए हैं। तीनों ने जीतने की इच्छा जाहिर की।
इसके बाद बिग बॉस ने तीनों को 11 नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट्स में से किसी एक को सीधे घर से बाहर करने का अधिकार दिया। माही ने मैरी कॉम, उदिति ने रीति तिवारी और यंग ने अमन का नाम चुना।
तीनों के बीच चर्चा के बाद मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी को घर से बाहर करने का फैसला लिया गया। यंग ने रीति और काजी तौकीर की बढ़ती नजदीकी का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने रीति को पहले ही इस बारे में चेताया था।