कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास उड़ान भर रहा एक ट्रेनिंग विमान अचानक हादसे का शिकार हो गया। उड़ान के दौरान तेज धमाके के बाद विमान अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसे में इंस्ट्रक्टर पायलट और ट्रेनी पायलट दोनों की मौत हो गई।
धमाके के बाद खेतों में गिरा विमान
जानकारी के अनुसार, ट्रेनिंग विमान ने सुबह करीब 11:30 बजे प्रशिक्षण केंद्र से उड़ान भरी थी। करीब 20 मिनट बाद वापसी के दौरान अचानक विमान में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास जमीन पर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर धुआं और मलबा फैल गया।
इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की गई जान
हादसे में गुजरात निवासी इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक पायलट ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
ग्रामीणों में मची अफरा-तफरी, मौके पर पहुंची पुलिस
विमान गिरने से पहले हुए तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के गांवों के लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया और लोगों को मलबे के पास जाने से रोक दिया गया।
हादसे में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ विमान
शुरुआती जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था, जिसमें दोनों पायलट सवार थे। हादसे के बाद विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में विमान का मलबा बुरी तरह बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है।
धमाके की वजह और तकनीकी खराबी की जांच शुरू
प्रशासन और पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उड़ान के दौरान धमाका किस वजह से हुआ, विमान तकनीकी खराबी का शिकार हुआ या दुर्घटना के पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल विमान हादसे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है और विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।