सुराबाया से बंजारमासिन जा रहा था ‘वर्को ट्रांसपोर्ट 8’, खराब मौसम के बीच रविवार तड़के टूटा संपर्क
इंडोनेशिया में खराब मौसम के बीच 240 यात्रियों को लेकर जा रहे एक यात्री जहाज का अधिकारियों से संपर्क टूट गया है। ‘वर्को ट्रांसपोर्ट 8’ नाम का यह जहाज पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया शहर से दक्षिण कालीमंतन की राजधानी बंजारमासिन जा रहा था। जहाज से संपर्क टूटने के बाद सर्च और रेस्क्यू टीमों ने जावा सागर में तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, जहाज शनिवार सुबह करीब 10:13 बजे स्थानीय समय के अनुसार सुराबाया से बंजारमासिन के लिए रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान मौसम खराब होने की सूचना मिली। इसके बाद रविवार तड़के जहाज के ऑपरेटर का उससे संपर्क टूट गया।
खराब मौसम के बीच टूटा संपर्क
बंजारमासिन सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख आई पुतु सुदायाना के मुताबिक, जहाज के ऑपरेटर ने खराब मौसम का सामना करने की जानकारी दी थी। इसके बाद अधिकारियों को जहाज से संपर्क टूटने की सूचना दी गई।
सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस को रविवार सुबह करीब 2 बजे इस घटना की जानकारी मिली। अधिकारियों के मुताबिक, संपर्क टूटने के लगभग दो घंटे बाद उन्हें इसकी सूचना दी गई थी
जावा सागर में आखिरी लोकेशन मिली
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में मिली थी। यह स्थान बंजारमासिन के एक घाट से करीब 148 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही सर्च और रेस्क्यू टीमें सक्रिय हो गईं। अधिकारियों की ओर से जहाज की संभावित लोकेशन के आसपास तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
यात्रियों के बारे में अब तक क्या पता चला?
फिलहाल जहाज पर सवार 240 लोगों में से किसी के हताहत होने की तत्काल कोई जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारी जहाज और उसमें सवार लोगों का पता लगाने में जुटे हैं।
जहाज के ऑपरेटर पीटी वर्को योएल रिही की ओर से संपर्क टूटने की सूचना दी गई थी। अब राहत और बचाव एजेंसियां जावा सागर में जहाज की तलाश कर रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, खराब मौसम इस घटना की प्रमुख वजहों में से एक हो सकता है। हालांकि, जहाज के साथ वास्तव में क्या हुआ, इसकी पूरी तस्वीर सर्च ऑपरेशन के बाद ही साफ हो सकेगी।