देशभर में NEET पेपर लीक को लेकर मचा घमासान अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब ओडिशा से एक और बड़े ‘एग्जाम कांड’ की खबर सामने आ गई है।
ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (OUHS) की पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने के चंद मिनटों बाद ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म WhatsApp पर वायरल हो गया। इस घटना ने एक बार फिर मेडिकल प्रवेश और परीक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परीक्षा हॉल से सीधे WhatsApp पर कैसे पहुंचा पेपर?
यह पूरा मामला 27 जुलाई को आयोजित हुई MD/MS जनरल सर्जरी की परीक्षा से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, परीक्षा हॉल में छात्रों को प्रश्नपत्र बांटे जाने के कुछ ही मिनटों के भीतर इसकी तस्वीरें खींचकर बाहर भेज दी गईं।
छात्रों का आरोप है कि MKCG मेडिकल कॉलेज के ही एक छात्र द्वारा बनाए गए एक विशेष WhatsApp ग्रुप में ये तस्वीरें धड़ल्ले से शेयर की जा रही थीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि परीक्षा के दौरान ही कुछ चुनिंदा फोन नंबरों के जरिए सवालों के जवाब (Answer Keys) भी शेयर किए जाने का दावा किया जा रहा है।
भुवनेश्वर के प्राइवेट कॉलेज से खुला राज
पेपर लीक का यह बड़ा खुलासा तब हुआ जब भुवनेश्वर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में कुछ छात्रों के मोबाइल पर लीक हुए प्रश्नपत्र की तस्वीरें पाई गईं।
जब मामले की तह तक जाया गया, तो तार सीधे बेरहामपुर के MKCG मेडिकल कॉलेज से जुड़े मिले। एक छात्र ने कथित तौर पर इस बात को स्वीकार भी कर लिया है कि वायरल हो रहा पेपर MKCG से ही लीक किया गया था।
क्या रद्द होगी मेडिकल PG की परीक्षा?
मामले की गंभीरता को देखते हुए OUHS प्रशासन में हड़कंप मच गया है। MKCG मेडिकल कॉलेज के डीन और प्रिंसिपल डॉ. हरेकृष्ण दलाई ने पुष्टि की है कि 28 जुलाई को वाइस-चांसलर की अध्यक्षता में एक आपातकालीन बैठक बुलाई गई थी।
- यूनिवर्सिटी ने इस पूरे ‘पेपर लीक नेटवर्क’ की जांच के आदेश दे दिए हैं।
- यह पता लगाया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान किन-किन छात्रों ने इसका अनुचित लाभ उठाया।
- आगामी परीक्षाओं के लिए सुरक्षा और निगरानी के नए व कड़े नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
हालांकि, छात्रों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 27 जुलाई को हुई यह परीक्षा रद्द होगी? फिलहाल, प्रशासन ने इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है, जिससे छात्रों में असमंजस और आक्रोश का माहौल है।