बॉलीवुड के लव सागा के ‘मास्टर क्राफ़्टर’, निर्देशक आनंद एल राय ने अपनी नई फ़िल्म ‘तेरे इश्क में’ के धमाकेदार ट्रेलर से सिनेमा लवर्स के बीच हलचल मचा दी है. इस फिल्म में उनके पसंदीदा एक्टर धनुष के साथ पहली बार कृति सैनन की जोड़ी नज़र आ रही है. ट्रेलर को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रही है, जिसे देखकर फैंस इसे ‘रांझणा 2.0’ बता रहे हैं.
‘तेरे इश्क में’ की कहानी शंकर (धनुष) और मुक्ति (कृति सैनन) की है. ट्रेलर के मुताबिक, दोनों की कॉलेज में मुलाकात होती है और एक जुनून भरा प्यार शुरू होता है. लेकिन जब मुक्ति किसी और को चुनकर शंकर का दिल तोड़ देती है, तो वो टूटा हुआ दिल अब उसे ‘खूँखार आशिक’ बना देता है, जो सिर्फ़ तबाही चाहता है.
ट्रेलर में धनुष का ये संवाद, “पिछली बार तो कुंदन था, मान गया। पर इस बार शंकर को कैसे रोकोगे?” यह साफ़ कर देता है कि इस बार कहानी सिर्फ़ ‘देवदास’ बनने की नहीं, बल्कि अपने दिल के टूटने पर पूरी दिल्ली को जलाने की कसम खाने वाले एक खूँखार प्रेमी की है. ये जुनून और बदले की आग दर्शकों को 90 के दशक के ‘दिलजला आशिक़’ की याद दिला रही है.
‘तेरे इश्क में’ प्यार, जुनून, गुस्सा और इंतकाम का एक ऐसा कॉकटेल है जो 28 नवंबर, 2025 को हिंदी, तमिल और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए पूरी तरह तैयार है.

कृति और धनुष की केमिस्ट्री पर फैंस फिदा
हाल ही में हुए शानदार ट्रेलर लॉन्च इवेंट में भी दोनों सितारों की केमिस्ट्री देखने लायक थी. कृति सैनन एक शानदार सफेद गाउन और मैचिंग जैकेट में किसी अप्सरा से कम नहीं लग रही थीं, जबकि धनुष अपने सिग्नेचर ब्लू सूट और रुद्राक्ष की माला में इंटेंस लुक में नज़र आए.
कहानी की इंटेंसिटी को ए.आर.रहमान के दिल को छू लेने वाले गाने ने नई ऊँचाइयों पर पहुँचा दिया है, जिसने हर सीन को और भी ‘ग्रिपिंग’ बना दिया है. दर्शकों का कहना है कि कृति सैनन की एक्टिंग स्किल्स और धनुष का हमेशा की तरह स्क्रीन पर छा जाने वाला परफॉर्मेंस, इस फ़िल्म को साल की सबसे बड़ी रोमांटिक-एक्शन मूवी बना देगा.