लखनऊ। लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन का दौर जारी रहा। एनएमओपीएस (NMOPS) और अटेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। वहीं, समाजवादी पार्टी की एमएलसी प्रत्याशी कांति सिंह ने भी सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन के साथ लखनऊ स्नातक सीट पर चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
विजय कुमार बंधु सुबह बीएन सिंह की प्रतिमा स्थल से अपने समर्थकों के साथ गाजे-बाजे के बीच नामांकन के लिए रवाना हुए। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में युवा, कर्मचारी, शिक्षक और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे। बीएन सिंह की प्रतिमा से मंडलायुक्त कार्यालय तक समर्थकों की भीड़ दिखाई दी। इस दौरान कई समर्थकों ने बंधु को माला पहनाकर स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट किए।
नामांकन जुलूस के दौरान समर्थकों ने ‘पुरानी पेंशन बहाल करो’, ‘निजीकरण समाप्त करो’ और ‘रोजगार की स्पष्ट नीति लागू करो’ जैसे नारे लगाए। बंधु ने मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया।
पुरानी पेंशन और रोजगार को बनाया प्रमुख मुद्दा
नामांकन के बाद विजय कुमार बंधु ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली, निजीकरण की समाप्ति, युवाओं के लिए रोजगार और सभी के लिए शिक्षा व चिकित्सा उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग भी उठाई।
बंधु ने कहा कि चुनाव में जनता के सामने सिर्फ वादे नहीं, बल्कि काम का हिसाब भी रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान और पूर्व एमएलसी को अपने कार्यों का विवरण जनता के सामने रखना चाहिए, इसके बाद ही जनता किसी दावे पर भरोसा करेगी।
नामांकन के दौरान समर्थकों के बीच ‘दल की नहीं, दिल की सुनेंगे, लखनऊ स्नातक से विजय बंधु को चुनेंगे’ जैसे नारे भी सुनाई दिए।
कांति सिंह ने भी सपा प्रत्याशी के तौर पर भरा पर्चा
इसी दिन समाजवादी पार्टी की एमएलसी प्रत्याशी कांति सिंह ने भी लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। कांति सिंह के नामांकन के साथ सपा ने भी इस चुनाव में अपनी दावेदारी को औपचारिक रूप दे दिया है।
लखनऊ स्नातक सीट पर होने वाले चुनाव में अलग-अलग राजनीतिक दलों और संगठनों से जुड़े प्रत्याशी मैदान में हैं। ऐसे में विजय कुमार बंधु और कांति सिंह के नामांकन के बाद मुकाबले में राजनीतिक दलों के साथ कर्मचारी, शिक्षक और युवा मुद्दों की भी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नामांकन में विभिन्न संगठनों के लोग रहे मौजूद
विजय कुमार बंधु के नामांकन कार्यक्रम में राजकीय नर्सेज संघ के महामंत्री अशोक कुमार, डॉ. कमल उसरी, चंद्रहास सिंह, ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी, ओम प्रकाश कनौजिया, डॉ. आशीष वर्मा, सुनील बाजपेई, सुमन कुरील, धर्मेंद्र गोयन, डॉ. अब्दुल रहीम, विजय काकोरी, जनार्दन शुक्ला, लखनऊ विश्वविद्यालय सहयुक्त महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे, डॉ. अंशु केडिया, सुनील वर्मा, डॉ. सतेंद्र राय, डॉ. रमेश चंद्र त्रिपाठी, महराजदीन चौधरी, एपी यादव और प्रेमचंद समेत विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।