नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली, नोएडा और पूरे एनसीआर में मंगलवार सुबह से मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। रातभर हुई बारिश के बाद सुबह भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रही, जिससे मौसम सुहावना हो गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत समेत कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-NCR में बारिश से बदला मौसम
दिल्ली, नोएडा और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। घने बादलों की वजह से दिन के समय भी अंधेरा जैसा माहौल बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में झमाझम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
यूपी, बिहार समेत इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
अगले दो दिनों तक अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, झारखंड, छत्तीसगढ़, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
आंधी, बिजली और तेज हवाओं का भी खतरा
तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, लक्षद्वीप, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं 4 से 7 अगस्त के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 4 से 9 अगस्त के बीच गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भी कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।
यूपी में गर्मी से मिलेगी राहत
पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 और 5 अगस्त को गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। 6 अगस्त को भी कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है, जबकि 7 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।