लंदन/नई दिल्ली। ब्रिटेन की सियासत में कीर स्टारमर (Keir Starmer) के इस्तीफे के बाद अब एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है।
ग्रेटर मैनचेस्टर के बेहद लोकप्रिय मेयर एंडी बर्नहम (Andy Burnham) यूनाइटेड किंगडम (UK) के अगले प्रधानमंत्री बनने की रेस में सबसे आगे निकल चुके हैं।
ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा, तो आगामी 17 जुलाई तक एंडी बर्नहम ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल सकते हैं। हालांकि, उनके इस सफर के बीच अभी भी ‘एक बड़ी शर्त’ बाकी है।
क्या है बर्नहम के पीएम बनने की वो ‘एकमात्र शर्त’?
लेबर पार्टी के भीतर एंडी बर्नहम का कद बहुत तेजी से बढ़ा है, लेकिन उनकी ताजपोशी एक समीकरण पर टिकी है:
- निर्विरोध चुनाव की शर्त: एंडी बर्नहम का प्रधानमंत्री बनना तभी लगभग तय है, बशर्ते पार्टी के अंदर से उन्हें कोई दूसरा नेता चुनौती न दे।
- अगर हुआ मुकाबला: लेबर पार्टी की गवर्निंग बॉडी (नेशनल एग्जीक्यूटिव कमिटी – NEC) 9 जुलाई से नए नेता के लिए नॉमिनेशन (नामांकन) प्रक्रिया शुरू करने जा रही है।
- यदि बर्नहम के सामने कोई दूसरा उम्मीदवार खड़ा नहीं होता है, तो 17 जुलाई या उससे पहले वह पीएम पद की शपथ ले लेंगे। लेकिन अगर मुकाबला हुआ, तो यह रेस लंबी खिंच सकती है।
मेयर से ‘महामहिम’ बनने तक का सफर: मेकरफील्ड की जीत ने पलटा पासा
एंडी बर्नहम की इस सियासी उड़ान के पीछे मई महीने में हुआ एक ‘बड़ा खेला’ है…
स्टारमर की विदाई और बर्नहम का उदय: मई में हुए काउंसिल चुनावों में लेबर पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद कीर स्टारमर पर इस्तीफे का भारी दबाव था। इसी बीच, मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहम ने नॉर्थ इंग्लैंड की मेकरफील्ड संसदीय सीट से चुनाव जीतकर संसद में एंट्री मारी। इस एक जीत ने स्टारमर के नेतृत्व को सीधे चुनौती दी और बर्नहम को पीएम पद का सबसे प्रबल दावेदार बना दिया।
कौन हैं एंडी बर्नहम? एक बेहद साधारण परिवार से कैम्ब्रिज तक का सफर
यूके की राजनीति में बर्नहम की पहचान एक ‘ग्राउंडेड’ नेता की है। उनका बैकग्राउंड ब्रिटिश एलीट क्लास से बिल्कुल अलग है:
- इंजीनियर के बेटे: एंडी बर्नहम का जन्म एक बेहद सामान्य परिवार में हुआ था। उनके पिता रॉय, ब्रिटिश टेलीकॉम में एक साधारण टेलीफोन इंजीनियर थे और मां आइलीन एक मेडिकल रिसेप्शनिस्ट थीं।
- पहला ग्रेजुएट: मैनचेस्टर और लिवरपूल के बीच बसे एक छोटे से गांव ‘कल्चेथ’ में पले-बढ़े एंडी और उनके भाई अपने पूरे खानदान के पहले ऐसे सदस्य थे, जिन्होंने यूनिवर्सिटी का मुंह देखा।
- कैम्ब्रिज की डिग्री: विपरीत आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद एंडी ने दुनिया की प्रतिष्ठित कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से अपनी उच्च शिक्षा पूरी की।
क्या बर्नहम सुलझा पाएंगे ब्रिटेन का सियासी संकट?
ऋषि सुनक और फिर कीर स्टारमर के दौर के बाद, ब्रिटेन की जनता स्थिरता की तलाश में है। एंडी बर्नहम के पास ग्राउंड लेवल पर काम करने का बड़ा अनुभव है। अब पूरी दुनिया की नजरें 9 जुलाई को शुरू होने वाले लेबर पार्टी के नॉमिनेशन पर टिकी हैं कि क्या बर्नहम बिना किसी विरोध के ब्रिटेन के नए ‘कमांडर-इन-चीफ’ बन पाते हैं या नहीं।