हरदोई में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के दावों के बीच जिला परियोजना कार्यालय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां तैनात एक नवनियुक्त मुख्य सेविका ने अपने ही कार्यालय के लिपिक पर यौन उत्पीड़न (बैड टच) और पीछा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा और सम्मान की गुहार लगाई है। वहीं, विभाग में कार्यरत महिला कर्मचारियों की एक टीम भी शिकायत लेकर सीओ सिटी के पास पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने आरोपी लिपिक को तत्काल प्रभाव से रिलीव कर दिया है।
पीड़िता की लिखित शिकायत के अनुसार, प्रताड़ना का सिलसिला 1 नवंबर 2025 से शुरू हुआ। आरोप है कि जब वह कार्यालय में काम कर रही थी, तब लिपिक कमल कुमार ने पीछे से आकर उसे पकड़ लिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि वह डीपीओ है और किसी से शिकायत की तो रिपोर्ट लगाकर उसे सस्पेंड करवा देगा।
पीड़िता ने यह भी बताया कि लिपिक की हरकतें कार्यालय तक सीमित नहीं रहीं। वह मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली हैं और आरोपी ट्रेन व स्टेशन तक उनका पीछा करता है। बीती 8 दिसंबर 2025 को ऑफिस से छूटकर हरदोई रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भी आरोपी ने उनका पीछा किया और हाथ पकड़कर खींचने का प्रयास किया। इस घटना के बाद पीड़िता मानसिक रूप से गहरे सदमे में हैं और उन्हें ऑफिस आने में डर लग रहा है।
मामले की पुष्टि करते हुए प्रभारी डीपीओ राजेंद्र कुमार चौधरी ने कहा, “महिला कर्मचारी की शिकायत गंभीर है। विभागीय नियमों के तहत गहन जांच शुरू कर दी गई है। जांच प्रभावित न हो, इसके लिए आरोपी लिपिक को तुरंत पटल से हटाकर रिलीव कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”