नई दिल्ली: सेंट्रल दिल्ली में सोमवार को विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ एक युवा चेहरा लगातार नजर आया। सुप्रीम कोर्ट मार्च के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और नेहा बोरा के साथ दिखीं इस युवती का नाम जन्नत बिश्नोई है। राजस्थान से ताल्लुक रखने वाली जन्नत कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया से जुड़ी हुई हैं।
कौन हैं जन्नत बिश्नोई?
जन्नत बिश्नोई दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की एग्जीक्यूटिव काउंसलर हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय के श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में बीए सेकंड ईयर की छात्रा हैं। इसके अलावा वह कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई की सदस्य भी हैं।
राजस्थान की रहने वाली जन्नत कैंपस राजनीति और छात्र आंदोलनों में सक्रिय रही हैं। सुप्रीम कोर्ट मार्च के दौरान वह राहुल गांधी के साथ उस समय नजर आईं, जब विपक्षी नेता प्रदर्शनकारियों को संबोधित कर रहे थे।
छात्र मुद्दों और सामाजिक अभियानों में सक्रिय
जन्नत बिश्नोई कॉलेज कैंपस में छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाती रही हैं। उनकी मांगों में सीसीटीवी नेटवर्क बढ़ाने और पिंक पुलिस बूथ जैसी व्यवस्थाएं शामिल रही हैं।
इसके अलावा वह पर्यावरण से जुड़े अभियानों में भी हिस्सा ले चुकी हैं। राजस्थान ट्री प्रोटेक्शन बिल से जुड़े अभियान में भी उनकी भागीदारी रही है।
उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर छात्र आंदोलनों और एनएसयूआई से जुड़े कई कार्यक्रमों के वीडियो मौजूद हैं। एक वीडियो में वह महिलाओं के एक समूह के साथ प्रदर्शन करती नजर आती हैं, जहां उनके हाथ में पितृसत्ता खत्म करने की मांग वाला बैनर दिखाई देता है।
सुप्रीम कोर्ट मार्च में क्या हुआ था?
विपक्षी दलों ने सोमवार को चुनावी गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर सेंट्रल दिल्ली में प्रदर्शन किया था। इस दौरान विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की कोशिश की।
इस मार्च का मुख्य मुद्दा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन को लेकर लगाए गए आरोप थे।
मार्च के दौरान बड़ी संख्या में विपक्षी नेता और समर्थक मौजूद थे। पुलिस ने कुछ दूरी के बाद प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मामले में अंतरिम रोक की मांग की।