भोपाल: मध्य प्रदेश के दतिया में आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को भारतीय जनता पार्टी का टिकट नहीं मिलने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। नाराज समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चक्का जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव किया। इस हिंसा में पुलिस अधीक्षक (SP), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के कारण करीब 15 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
हजारों समर्थकों ने किया हाईवे जाम
दतिया के पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के मुताबिक, शुक्रवार शाम से ही 3,000 से अधिक लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने पहले बाजार बंद कराने की कोशिश की और फिर शाम करीब 6 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चक्का जाम कर बैठ गए। इसके चलते हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम का असर दतिया से लगे आसपास के जिलों तक भी पहुंचा।
प्रशासन की अपील के बाद भी नहीं मानी भीड़
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से कई बार रास्ता खाली करने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। प्रशासन लगातार स्थिति को बातचीत के जरिए सामान्य बनाने का प्रयास करता रहा।
तड़के 4 बजे पुलिस पर हुआ पथराव
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शनिवार तड़के करीब 4 बजे प्रदर्शनकारियों ने अचानक पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इसके बावजूद पथराव जारी रहा।
इस घटना में पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
आंसू गैस छोड़कर भीड़ को खदेड़ा गया
पुलिस ने दोबारा आंसू गैस का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के बाद उपद्रवी अलग-अलग स्थानों पर चले गए। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने या शांतिपूर्वक वहां से हटने की चेतावनी दी है।
हिरासत में लिए गए कई लोग, कार्रवाई जारी
प्रशासन ने साफ किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल हाईवे पर यातायात सामान्य कराने का काम जारी है, जबकि पूरे दतिया शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।