न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित मशहूर टाइम्स स्क्वायर में एक महिला ने अचानक दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को काबू करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने गोली चला दी। घायल महिला हमलावर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, महिला हाथ में चाकू लेकर लोगों को धमका रही थी। इसी दौरान उसने एक महिला और एक पुरुष पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक उसे समझाने और हथियार छोड़ने के लिए कहा, लेकिन वह पीछे हटने को तैयार नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि महिला ने पुलिस अधिकारियों पर भी हमला करने की कोशिश की। खतरा बढ़ता देख पुलिस ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
महज 20 सेकंड में दो लोगों पर हमला
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने करीब 20 सेकंड के भीतर दो लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया। इनमें घायल महिला की अस्पताल में मौत हो गई। NYPD कमिश्नर जेसिका टिश ने शुरुआती जांच के आधार पर इसे बिना किसी उकसावे के किया गया रैंडम हमला बताया है।
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने बताया कि घटना के बाद दोनों पीड़ितों और हमलावर महिला को बेलव्यू अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अब घटना के पीछे की वजह और महिला की मानसिक स्थिति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।