लखनऊ। बरेली में 26 और 27 सितंबर को होने वाली 29वीं यूपी स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप और छठी यूपी स्टेट अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए लखनऊ टीम का गठन किया जाएगा।
इसके लिए चयन ट्रायल 15 सितंबर को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल में सीनियर और अंडर-23 वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
यह जानकारी लखनऊ एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव बीआर वरुण ने दी। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को केडी सिंह बाबू स्टेडियम पर सीनियर लखनऊ टीम के गठन को चयन ट्रायल पूर्व में प्रस्तावित थे। अब सीनियर टीम के साथ ही अंडर-23 लखनऊ एथलेटिक्स टीम के गठन को चयन ट्रायल भी इसी दिन आयोजित किये जायेंगे।
उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन की देखरेख में होने वाली दोनों राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में ट्रैक एंड फील्ड की प्रमुख स्पर्धाएं होंगी। इनमें 100, 200, 400, 800, 1500, 5000 और 10000 मीटर दौड़, 110 और 400 मीटर बाधा दौड़, 3000 मीटर स्टीपलचेज, पोल वॉल्ट, हाई जंप, लांग जंप, ट्रिपल जंप, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जेवलिन थ्रो और हैमर थ्रो शामिल हैं।
सीनियर वर्ग के लिए वही खिलाड़ी पात्र होंगे, जिनकी आयु आठ अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो होगी। वहीं अंडर-23 वर्ग में 19 अक्टूबर 2003 से 18 अक्टूबर 2010 के बीच जन्म लेने वाली खिलाड़ी चयन ट्रायल में हिस्सा ले सकेंगे। राज्य सीनियर चैंपियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर योग्य खिलाड़ियों को आठ से 11 अक्टूबर तक नई दिल्ली में होने वाली 65वीं नेशनल ओपन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। वहीं अंडर-23 वर्ग के खिलाड़ियों के लिए 16 से 18 अक्टूबर तक जयपुर में छठी इंडियन अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित होगी।