नोएडा: ऑनलाइन ऐप से पार्सल मंगाना आज आम बात है, लेकिन एक महिला के साथ डिलीवरी के बाद हुई कथित बदतमीजी ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला का आरोप है कि पार्सल पहुंचाने के बाद रैपिडो डिलीवरी बॉय ने उसके निजी नंबर पर मैसेज करना शुरू कर दिया। पहले हालचाल पूछा और फिर सीधे ‘I Love You’ लिख दिया। महिला ने पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी तो कथित तौर पर जवाब मिला- ‘हां कर दो शिकायत।’
नोएडा की गीतिका श्रीवास्तव ने इस पूरे मामले की व्हाट्सऐप चैट सोशल मीडिया पर साझा की है। उनका कहना है कि उन्होंने रैपिडो के जरिए पार्सल भेजने की सेवा बुक की थी। सामान समय पर पहुंच गया, लेकिन डिलीवरी पूरी होने के बाद राइडर के निजी मैसेज आने लगे।
पहले पूछा- कैसी हो, फिर भेज दिया ‘I Love You’
गीतिका के मुताबिक, डिलीवरी पूरी होने के बाद राइडर ने उनके निजी नंबर पर मैसेज किया। उसने पहले लिखा, ‘हेलो, कैसी हो आप।’ इसके बाद बातचीत को निजी दिशा में ले जाते हुए उसने ‘I Love You’ लिख दिया।
अचानक आए इस तरह के मैसेज से गीतिका हैरान रह गईं। उन्होंने राइडर को दोबारा कॉल या मैसेज नहीं करने की चेतावनी दी और पुलिस में शिकायत करने की बात कही।
शिकायत की बात पर बोला- ‘हां कर दो’
महिला के मुताबिक, पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी का राइडर पर कोई असर नहीं हुआ। उसने कथित तौर पर जवाब दिया, ‘हां कर दो। जाओ। रैपिडो में कर दो।’
गीतिका ने इस जवाब को बेहद आपत्तिजनक बताते हुए पूरी बातचीत का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा किया। उनके पोस्ट के सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
महिला ने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
गीतिका ने लिंक्डइन पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि एक महिला के तौर पर इस देश में रहना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब एक सामान्य पार्सल मंगाना भी बिना परेशानी के संभव नहीं है।
उन्होंने कंपनी की भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि डिलीवरी करने वाले इस तरह का व्यवहार करने के बाद इतने बेखौफ कैसे रहते हैं और क्या उन्हें किसी कार्रवाई का डर नहीं होता।
रैपिडो ने मांगी माफी, कार्रवाई का दिया भरोसा
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रैपिडो की ओर से गीतिका की पोस्ट पर जवाब दिया गया। कंपनी ने घटना पर खेद जताते हुए माफी मांगी और कहा कि ग्राहकों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा उनकी प्राथमिकता है।
कंपनी ने यह भी कहा कि संबंधित डिलीवरी बॉय के व्यवहार को गंभीरता से लिया जा रहा है और मामले में कार्रवाई की जा रही है। रैपिडो ने गीतिका से राइड आईडी और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर निजी संदेश के जरिए साझा करने को कहा, ताकि मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके।
सोशल मीडिया पर लोगों ने मांगी सख्त कार्रवाई
चैट के स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई। कई लोगों ने कहा कि केवल माफी मांगना पर्याप्त नहीं है और कंपनी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि संबंधित डिलीवरी बॉय के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई।
कुछ यूजर्स ने महिला सुरक्षा को लेकर कंपनियों की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाए और कहा कि सुरक्षा के दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर ऐसी घटनाएं चिंता बढ़ाती हैं।