लखनऊ। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयानों को लेकर सियासी और धार्मिक बहस तेज हो गई है। अब ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने राहुल गांधी के हिंदू होने पर ही सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने राहुल गांधी को रक्षाबंधन के मौके पर अपनी बहन प्रियंका गांधी से राखी बंधवाने की चुनौती दी है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने राहुल गांधी के मनुस्मृति और महिलाओं की स्वतंत्रता से जुड़े बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो व्यक्ति हिंदू धर्म को ही नहीं जानता, वह धर्म और उसकी परंपराओं के बारे में कैसे बात कर सकता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, बीजेपी और दूसरे लोग रक्षाबंधन की बात करते हैं, तो राहुल गांधी को अपनी बहन प्रियंका गांधी से राखी बंधवाकर उनकी रक्षा का वचन देते हुए भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी को कभी इस तरह रक्षाबंधन मनाते हुए देखा गया है?
राहुल के महिला स्वतंत्रता वाले बयान पर विवाद
दरअसल, राहुल गांधी ने हाल ही में महिलाओं की स्वतंत्रता को लेकर बयान दिया था। एक्ट्रेस कृति सैनन से जुड़े विवाद के बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर उनका समर्थन करते हुए कहा कि महिलाएं क्या पहनती हैं, क्या करती हैं और कहां जाती हैं, यह उनकी अपनी पसंद है। उन्होंने महिलाओं को अपनी स्वतंत्रता का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल किए जाने का विरोध किया।
इससे पहले महाराष्ट्र में छात्राओं के साथ संवाद के दौरान राहुल गांधी ने मनुस्मृति की मानसिकता और पितृसत्ता की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि महिलाएं अपने पिता, पति या बेटे के अधीन नहीं, बल्कि स्वयं के अधीन हैं।
राहुल के इसी रुख को लेकर बीजेपी नेताओं ने भी उन पर निशाना साधा है।
हिमंत बिस्वा सरमा ने भी साधा निशाना
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह महिला अधिकारों की बात करने के बजाय हिंदू धर्म को निशाना बना रहे हैं। सरमा ने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी ने कभी शरिया के तहत मौजूद पितृसत्तात्मक प्रथाओं के खिलाफ इसी तरह आवाज उठाई है?
योगी आदित्यनाथ ने भी राहुल को घेरा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी राहुल गांधी के मनुस्मृति वाले बयान पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। योगी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत की परंपरा और विरासत की आलोचना को अपना अधिकार समझते हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राहुल गांधी से जिम्मेदार और सकारात्मक भूमिका की अपेक्षा की जाती है।
अब स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बयान के बाद राहुल गांधी के हिंदू होने और हिंदू धर्म की परंपराओं को लेकर एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। आने वाले दिनों में रक्षाबंधन के मौके पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की राखी की तस्वीरें या कार्यक्रम भी इस सियासी बहस का केंद्र बन सकते हैं।