नई दिल्ली: Apple के नए iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को खरीदने का इंतजार कर रहे ग्राहकों के लिए आज बड़ा दिन है। दोनों मॉडल की भारत में प्री-बुकिंग 12 सितंबर यानी आज शाम 5:30 बजे से शुरू होगी। ग्राहक Apple Store Online और Apple Store ऐप के जरिए फोन बुक कर सकेंगे। वहीं, बिक्री 18 सितंबर से शुरू होगी। भारत उन शुरुआती देशों में शामिल है जहां नए iPhone की बिक्री ग्लोबल लॉन्च टाइमलाइन के साथ शुरू की जा रही है।
Reliance Digital पर भी आज से बुकिंग
iPhone 18 Pro सीरीज की प्री-बुकिंग Reliance Digital पर भी आज शाम से शुरू होगी। ग्राहक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के अलावा Reliance Digital के स्टोर्स पर जाकर भी फोन बुक कर सकेंगे। 18 सितंबर को सुबह 8 बजे से बिक्री और स्टोर डिलीवरी शुरू होगी।
Apple के आधिकारिक स्टोर्स पर भी इसी दिन सुबह 8 बजे से प्री-बुक किए गए फोन की डिलीवरी और खरीदारी शुरू होगी। मुंबई के Apple BKC और दिल्ली के Apple Saket जैसे स्टोर्स पर ग्राहक अपना फोन ले सकेंगे। लॉन्च के दौरान बैंक कैशबैक, ट्रेड-इन बोनस और नो-कॉस्ट EMI जैसे ऑफर मिलने की भी संभावना है।
iPhone 18 Pro की कीमत कितनी है?
भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये रखी गई है। यह 256GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत है। 512GB वेरिएंट 1,89,900 रुपये, 1TB मॉडल 2,39,900 रुपये और 2TB वेरिएंट 3,14,900 रुपये में मिलेगा।
वहीं, iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत 1,79,900 रुपये है। इसके 512GB मॉडल की कीमत 2,04,900 रुपये, 1TB मॉडल की 2,54,900 रुपये और 2TB वेरिएंट की कीमत 3,29,900 रुपये है।
दोनों मॉडल Black, Silver, Glacier और Burgundy रंगों में उपलब्ध होंगे।
बुकिंग शुरू होने से पहले कर लें ये काम
प्री-ऑर्डर के वक्त जल्दबाजी में स्टॉक गंवाने से बचने के लिए Apple Store ऐप या वेबसाइट पर पहले से तैयारी कर लेना बेहतर रहेगा। iPhone या iPad में Apple Store ऐप खोलें या ब्राउजर से Apple की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
प्री-ऑर्डर से पहले मिलने वाले ‘Get Ready’ विकल्प में अपना पसंदीदा मॉडल, रंग, स्टोरेज और पेमेंट का तरीका पहले से सेव कर सकते हैं। इससे बुकिंग शुरू होने के बाद आपको बार-बार जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अगर पुराना फोन एक्सचेंज करना है तो उसका IMEI या सीरियल नंबर डालकर अनुमानित एक्सचेंज वैल्यू पहले ही देख लें। इससे भुगतान के समय अतिरिक्त समय बचाया जा सकता है।
स्टॉक खत्म होने से बचना है तो यह ट्रिक अपनाएं
प्री-ऑर्डर शुरू होने से कुछ मिनट पहले Apple Store ऐप को अपडेट करके लॉग-इन कर लें। साथ ही दूसरे डिवाइस पर Apple की वेबसाइट भी खोलकर रखें। कई बार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्धता अलग-अलग समय पर दिखाई दे सकती है।
बुकिंग लाइव होते ही अपने चुने हुए मॉडल, रंग और स्टोरेज के साथ सीधे भुगतान की प्रक्रिया पूरी करें। चेकआउट के दौरान मॉडल या रंग बदलने से बचें। ऐसा करने पर सिस्टम को दोबारा इन्वेंट्री चेक करनी पड़ सकती है और उस दौरान चुना हुआ वेरिएंट स्टॉक से बाहर हो सकता है।
Apple अकाउंट में डेबिट या क्रेडिट कार्ड की वैधता, बिलिंग एड्रेस और शिपिंग एड्रेस भी पहले से जांच लें।
स्टोर पिकअप का विकल्प हो सकता है फायदेमंद
अगर आपके आसपास Apple Store उपलब्ध है तो होम डिलीवरी की जगह स्टोर पिकअप का विकल्प भी देखा जा सकता है। स्टोर की इन्वेंट्री अलग हो सकती है और इससे डिलीवरी में होने वाली देरी से बचने का मौका मिल सकता है।
अगर प्री-ऑर्डर नहीं हो पाता है तो लॉन्च वाले दिन स्टोर पर उपलब्ध स्टॉक भी चेक किया जा सकता है। इसके लिए Apple के ऑनलाइन स्टॉक चेकर की मदद ली जा सकती है।
अमेरिका में सबसे सस्ता मिलेगा मॉडल
iPhone 18 Pro की कीमत अलग-अलग देशों में अलग है। भारत में जहां इसका शुरुआती मॉडल 1,64,900 रुपये का है, वहीं अमेरिका में इसकी कीमत भारतीय मुद्रा के हिसाब से करीब 1,23,346 रुपये बैठती है।
जापान में यही मॉडल करीब 1,24,090 रुपये, सऊदी अरब में करीब 1,25,874 रुपये, UAE में करीब 1,26,900 रुपये और सिंगापुर में करीब 1,31,295 रुपये के बराबर है।
iPhone 18 Pro Max के मामले में भी अमेरिका सबसे सस्ता बाजार है। वहां इसकी कीमत भारतीय मुद्रा में करीब 1,33,634 रुपये के बराबर है। इसके बाद सऊदी अरब, UAE, सिंगापुर और कनाडा का स्थान आता है। अलग-अलग देशों में टैक्स, इंपोर्ट ड्यूटी और करेंसी रेट के कारण कीमतों में अंतर रहता है।
iPhone 18 Pro सीरीज में क्या है खास?
iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max में Apple का नया A20 Pro चिपसेट दिया गया है। कंपनी ने लंबे समय तक इस्तेमाल और गेमिंग के दौरान तापमान को नियंत्रित रखने के लिए नया और बड़ा वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम भी जोड़ा है।
iPhone 18 Pro में 6.3 इंच का Super Retina XDR OLED डिस्प्ले मिलता है। इसमें ProMotion टेक्नोलॉजी और 120Hz तक का रिफ्रेश रेट है। इसकी पीक ब्राइटनेस 3,000 निट्स तक बताई गई है। वहीं, Pro Max में 6.9 इंच का डिस्प्ले दिया गया है।
48MP के तीन कैमरों से लैस दोनों मॉडल
कैमरा सेटअप की बात करें तो दोनों फोन में ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है। इसमें 48MP का मुख्य कैमरा, 48MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 48MP टेलीफोटो कैमरा शामिल है। पहली बार मेन कैमरे में वेरिएबल अपर्चर का फीचर दिया गया है।
सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 18MP का नया FaceTime कैमरा मिलता है। दोनों मॉडल A20 Pro चिप पर काम करते हैं और iOS 27 के साथ आते हैं।
इनमें Liquid Glass डिजाइन, Apple Intelligence के फीचर्स और Ceramic Shield 2 प्रोटेक्शन भी दिया गया है। नया वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम खास तौर पर ज्यादा गर्मी पैदा करने वाले कामों के दौरान फोन की परफॉर्मेंस को बनाए रखने में मदद करेगा।