लखनऊ: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा निशाना साधा है। एक कार्यक्रम में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में “हथेली गरम, पुलिस नरम” का कानून चल रहा है। अखिलेश यादव का कहना है कि भ्रष्टाचार के चलते पुलिस आम जनता की मदद करने के बजाय पहले उनकी जेब देखती है।
‘रामराज की बात करने वालों ने अयोध्या में चढ़ावा भी नहीं छोड़ा’
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग रामराज लाने की बात करते थे, उन्होंने अयोध्या में राम के नाम पर चढ़ाए गए धन को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी किया गया और इस मामले में छोटे कर्मचारियों को पकड़ा गया। अखिलेश ने कहा कि अपनी बदनामी से बचने के लिए ये लोग जातिवाद की राजनीति पर उतर आए।
उन्होंने कहा कि दुनिया में शायद ही कहीं किसी धार्मिक स्थल पर इस तरह की चोरी हुई हो। अखिलेश यादव ने कहा कि भिखारी भी मंदिर में भगवान के चढ़ावे की चोरी नहीं करता, लेकिन अयोध्या में चढ़ावे की चोरी, जमीनों के घपले समेत कई मामले सामने आए, जिन्हें सभी ने देखा है।
पेट्रोल में मिलावट और खाद की बोरी में चोरी का आरोप
सपा प्रमुख ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के लोग इतने बड़े मिलावटी हैं कि पेट्रोल में भी मिलावट कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को धोखा दे रही है और खाद की बोरी में भी चोरी हो रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पहले खाद की बोरी से 5 किलो चोरी किया गया और उसके बाद 5 किलो और कम कर दिया गया। अब स्थिति यह है कि पूरी बोरी ही चोरी हो गई है। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद नहीं मिल रही है और जब फसल तैयार होती है तो किसानों को उसकी उचित कीमत नहीं मिलती।
किसानों की आय दोगुनी करने के वादे पर भी घेरा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन कहीं भी किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि आलू और मक्का समेत कई फसलों का किसानों को उचित मूल्य नहीं मिला।
उन्होंने कन्नौज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी और आसपास के जिलों का जिक्र करते हुए कहा कि इन इलाकों में किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। अखिलेश के मुताबिक, भाजपा सरकार में किसानों को जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप
सपा प्रमुख ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गरीबों और मरीजों को एंबुलेंस तक नहीं मिल पा रही है। अस्पतालों में दवाइयां और डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने महंगाई बढ़ने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम जनता पहले से ही आर्थिक परेशानियों का सामना कर रही है।