Meta आपके लिए एक ऐसा ‘जादू का चश्मा’ तैयार कर रहा है, जो आपकी जिंदगी का एक-एक पल अपनी तिजोरी में सेव कर लेगा। लीक रिपोर्ट के मुताबिक, Meta अपने स्मार्ट ग्लासेस के लिए एक नया और सुपर-एडवांस्ड फीचर टेस्ट कर रहा है, जिसका नाम है ‘Super Sensing’।
आखिर क्या है ‘Super Sensing’?
आसान शब्दों में कहें तो यह फीचर आपके चश्मे को एक ऐसी ‘तीसरी आंख’ बना देगा जो कभी पलकें नहीं झपकाती। यह ग्लास हर कुछ सेकंड्स में बैकग्राउंड में खुद-ब-खुद तस्वीरें खींचता रहेगा और आसपास की आवाजें रिकॉर्ड करता रहेगा।
इसका फायदा यह होगा कि इसके पीछे काम कर रहा Meta AI आपका पर्सनल मेमरी बैंक बन जाएगा। आप चश्मे से पूछेंगे “मेटा, मेरी बाइक की चाबी कहाँ रखी है” या “कल दोस्त ने कौन से रेस्टोरेंट का नाम बताया था” और AI तुरंत आपकी आंखों के सामने फ्लैशबैक लाकर रख देगा।

बिना लाइट जले होगी रिकॉर्डिंग!
अब बात करते हैं उस बड़े ट्विस्ट की, जिसने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है। अभी मार्केट में जो Ray-Ban Meta ग्लासेस आते हैं, उनमें फोटो या वीडियो रिकॉर्ड करते वक्त सामने एक छोटी सी सफेद LED लाइट जलती है। इससे सामने वाले को पता चल जाता है कि,रिकॉर्डिंग हो रही है।
लेकिन ट्विस्ट ये है की इस नए ‘Super Sensing’ फीचर के काम करते वक्त यह LED लाइट नहीं जलेगी। Meta का लॉजिक है कि चश्मा कोई वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं कर रहा, बल्कि सिर्फ AI को समझने के लिए डेटा ले रहा है, इसलिए लाइट जलाने की कोई जरूरत नहीं है।

आपके डेटा का क्या करेगी Meta?
मार्क जुकरबर्ग और उनकी टीम भी जानती है कि इस पर कॉन्ट्रोवर्सी होना तय है। इसलिए सफाई में कहा गया है कि चश्मा आपकी ओरिजिनल फोटो या ऑडियो फाइल्स को अपने सर्वर पर हमेशा के लिए स्टोर नहीं करेगा। वह केवल काम की जानकारी निकालेगा और बाकी डेटा को डिलीट कर देगा। हालांकि, टेक एक्सपर्ट्स को अभी भी डर है कि कहीं इस डेटा का इस्तेमाल गुपचुप तरीके से Meta अपने AI मॉडल्स को ट्रेन करने के लिए न करने लगे।

तो क्या यह चश्मा मार्केट में आ गया है?
यह फीचर फिलहाल सिर्फ एक प्रोटोटाइप (टेस्टिंग फेज) में है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि Meta ने इस पर अभी तक कोई ऑफिशियल मुहर नहीं लगाई है। कंपनी का कहना है कि वे ऐसे कई इनोवेटिव आइडियाज पर काम करते रहते हैं। अगर इसे हरी झंडी मिलती है, तो हो सकता है कि फ्यूचर में एक नॉर्मल सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए यह आपके मौजूदा चश्मे में भी आ जाए।