नई दिल्ली: रोजमर्रा की भागदौड़, ऑफिस का दबाव और जिम्मेदारियों के बीच खुद के लिए समय निकालना आसान नहीं होता। ऐसे में अगर आप मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा महसूस करना चाहते हैं, तो मानसून का मौसम छोटी-सी ट्रिप के लिए बेहतरीन मौका हो सकता है। दिल्ली और आसपास रहने वाले लोग सिर्फ दो दिन की छुट्टी में कई खूबसूरत जगहों की सैर कर सकते हैं, जहां हरियाली, प्राकृतिक नजारे और सुकून भरा माहौल आपका इंतजार कर रहा है।
ऋषिकेश में एडवेंचर और आध्यात्मिकता का मिलेगा अनोखा संगम
अगर प्रकृति के बीच सुकून के साथ रोमांच का अनुभव करना चाहते हैं, तो ऋषिकेश बेहतरीन विकल्प है। यहां रिवर राफ्टिंग, बंजी जंपिंग, ट्रेकिंग, कैंपिंग और गंगा आरती जैसी गतिविधियों का आनंद लिया जा सकता है। दिल्ली से इसकी दूरी करीब 242 किलोमीटर है।
मानसून में और भी खूबसूरत नजर आता है जयपुर
बारिश के मौसम में गुलाबी नगरी जयपुर की खूबसूरती और बढ़ जाती है। यहां ऐतिहासिक धरोहरों के साथ हरियाली और प्राकृतिक नजारों का भी आनंद लिया जा सकता है। दिल्ली से जयपुर की दूरी लगभग 280 से 290 किलोमीटर है।
सुकून भरी छुट्टी के लिए मसूरी है शानदार विकल्प
अगर पहाड़ों के बीच शांत माहौल में समय बिताना चाहते हैं, तो मसूरी आपके लिए बेहतर जगह हो सकती है। यहां कम बजट में भी कई खूबसूरत जगहों को आराम से घूम सकते हैं। दिल्ली से मसूरी की दूरी करीब 265 किलोमीटर है।
कम बजट में घूमने के लिए आगरा भी है बेहतरीन
अगर कम खर्च में यादगार ट्रिप की योजना बना रहे हैं, तो आगरा अच्छा विकल्प है। यहां ताजमहल के अलावा आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, अकबर का मकबरा और मेहताब बाग जैसी ऐतिहासिक जगहों की सैर की जा सकती है। दिल्ली से आगरा की दूरी लगभग 232 किलोमीटर है।
इतिहास और शांति का अनुभव कराएगा ग्वालियर
भीड़भाड़ से दूर शांत वातावरण में समय बिताना चाहते हैं, तो ग्वालियर जा सकते हैं। यहां ग्वालियर किला, जयविलास पैलेस और इटालियन गार्डन जैसी जगहें घूमने लायक हैं। दिल्ली से इसकी दूरी करीब 356 किलोमीटर है।
हरियाली और पहाड़ों का खूबसूरत नजारा देगा नैनीताल
मानसून के दौरान नैनीताल की प्राकृतिक खूबसूरती देखने लायक होती है। झीलें, पहाड़ और चारों ओर फैली हरियाली इस जगह को खास बनाती है। दिल्ली से नैनीताल की दूरी लगभग 300 से 320 किलोमीटर है।
आध्यात्मिक सुकून के लिए मथुरा का करें रुख
अगर धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल पसंद है, तो भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा दो दिन की यात्रा के लिए बेहतरीन विकल्प है। यहां कई प्राचीन मंदिर और धार्मिक स्थल देखे जा सकते हैं। दिल्ली से इसकी दूरी करीब 160 से 165 किलोमीटर है।
झीलों और महलों की खूबसूरती देखने जाएं उदयपुर
झीलों की नगरी उदयपुर अपनी शाही विरासत, महलों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए मशहूर है। मानसून के दौरान यहां की झीलें और अरावली की हरियाली इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देती हैं। दिल्ली से उदयपुर की दूरी लगभग 670 किलोमीटर है।