गोरखपुर: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बुधवार शाम गोरखपुर में एक दर्दनाक हादसे ने उत्सव को मातम में बदल दिया। गुलरिहा थाना क्षेत्र में विसर्जन के लिए जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगी लोहे की रॉड हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई, जिससे करंट फैल गया। हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग झुलस गए। घायलों का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों की पहचान लकी (17), विक्की (18) और उनके मौसेरे भाई चंदन (21) के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार से थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा थाना क्षेत्र के अयोध्या प्रसाद चौहान टोला में स्थापित दुर्गा प्रतिमा का बुधवार शाम करीब पांच बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से विसर्जन के लिए जुलूस निकाला गया था। जब वाहन रजही चौराहे के पास पहुंचा, तब ट्रॉली में लगी लंबी लोहे की रॉड ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। करंट फैलते ही ट्रॉली पर सवार लोग उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में जान गंवाने वाले लकी और विक्की सगे भाई थे, जबकि चंदन उनका मौसेरा भाई था। एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान बिजली विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया और मेडिकल कॉलेज के आसपास की 50 से अधिक दुकानें बंद रहीं। गुस्साए लोगों ने एक रोडवेज बस में तोड़फोड़ भी की। हालात को देखते हुए मौके पर दो बटालियन पीएसी तैनात की गई। करीब दो घंटे बाद शाम 7:40 बजे जाम समाप्त कराया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि रजही चौराहे के पास 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन काफी नीचे लटक रही थी। उनका कहना है कि प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर सुबह से बिजली आपूर्ति बंद थी, लेकिन शाम करीब 4:30 बजे दोबारा आपूर्ति शुरू कर दी गई। विसर्जन में शामिल लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी। परिजनों के मुताबिक प्रतिमा के साथ दो पुलिसकर्मी भी चल रहे थे, जिन्होंने आगे का रास्ता सुरक्षित बताया था। हादसे के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित किए जाने की बात कही गई है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी मुकाबला तेज हो गया…
गोरखपुर: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत और…
नई दिल्ली: हिंदी सिनेमा में जब भी रोमांस की बात होती है, यश चोपड़ा का…
नई दिल्ली: दिल्ली की स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (एसईएम) कोर्ट ने बुधवार को सीजेपी के प्रवक्ता…
मुंबई: दशहरे के बाद मुंबई की हवा ने चिंता बढ़ा दी है। जिस शहर की…
नई दिल्ली: खराब जीवनशैली और बढ़ते तनाव के कारण हाई ब्लड प्रेशर आज एक गंभीर…