तेहरान: ईरान के दक्षिणी हिस्से में एक घर शादी की खुशियों से भरा था। मेहमान जुटे थे और समारोह चल रहा था, लेकिन तभी हुए अमेरिकी हमले ने जश्न को मातम में बदल दिया। होर्मोजगान प्रांत के कोहस्तक गांव में शादी समारोह वाले घर को निशाना बनाए जाने की खबर है। हमले में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 50 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
शादी की खुशियां अचानक चीख-पुकार में बदलीं
होर्मोजगान के उप-गवर्नर अहमद नफीसी के मुताबिक, हमला सिरिक काउंटी के तटीय गांव कोहस्तक में हुआ। जिस घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था, अमेरिकी हमले के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। ईरानी मीडिया के अनुसार, करीब 50 लोग घायल हुए हैं। कुछ लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को मिनाब अस्पताल भेजा गया है। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।
एक महीने बाद फिर आमने-सामने अमेरिका और ईरान
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। करीब एक महीने की शांति के बाद अमेरिका ने मंगलवार को ईरान पर दोबारा हमले किए। इसके बाद मध्य पूर्व में हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, ताजा हमलों में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, रडार सिस्टम, समुद्री ठिकानों, बारूदी सुरंगें बिछाने की क्षमता और संचार सुविधाओं को निशाना बनाया गया।
अमेरिका ने हमले की बताई ये वजह
अमेरिका का कहना है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। अमेरिका ने इन्हीं गतिविधियों के जवाब में ईरान पर हमले किए।
दूसरी ओर, ईरान ने भी मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए जवाबी कार्रवाई की है। ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि, जॉर्डन ने दावा किया कि उसने अपनी सीमा की ओर दागी गई मिसाइलों को रोक दिया।
संयुक्त अरब अमीरात ने भी अपने जलक्षेत्र में ईरानी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। इन घटनाओं के बाद अमेरिका और ईरान के बीच टकराव बढ़ने के साथ पूरे क्षेत्र में तनाव और गहराने की आशंका जताई जा रही है।