अगर आप उन करोड़ों मोबाइल यूजर्स में से हैं जिन्हें इंटरनेट डेटा की रत्ती भर भी जरूरत नहीं होती और आपका काम सिर्फ फोन पर बात करने या जरूरी मैसेज भेजने से चल जाता है। तो लंबे समय से चल रही आपकी बड़ी मजबूरी अब खत्म हो चुकी है। अब तक डेटा न इस्तेमाल करने वालों को भी भारी-भरकम कीमत वाले डेटा पैक रिचार्ज कराने पड़ते थे, लेकिन अब जेब पर बेवजह पड़ने वाला यह बोझ हटने वाला है। Airtel ने एक ऐसा बड़ा कदम उठाया है जो देश के करोड़ों ग्राहकों को बड़ी राहत देने वाला है। टेलीकॉम रेगुलेटर की सख्ती के बीच Airtel ने 21 अक्टूबर की तय डेडलाइन से पहले ही तीन ऐसे नए प्रीपेड प्लान मार्केट में उतार दिए हैं, जिनकी लंबे समय से मांग की जा रही थी। लेकिन इन नए रिचार्ज पैक में ऐसा क्या खास है और यह आपकी जेब की कितनी बचत कराएगा? आइए जानते हैं पूरा गणित।
TRAI की डेडलाइन से पहले बाजी मार गई एयरटेल
टेलीकॉम रेगुलेटर (TRAI) ने Airtel और Vodafone Idea (Vi) को 21 अक्टूबर तक बिना डेटा वाले सिर्फ कॉलिंग रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। Airtel ने तय समयसीमा से पहले ही ये प्लान पेश कर दिए हैं और इस नए नियम पर अमल करने वाली पहली टेलीकॉम कंपनी बन गई है. दरअसल, TRAI ने 22 सितंबर को Telecom Consumer Protection (Thirteenth Amendment) Regulations, 2026 को अधिसूचित किया था।
रेगुलेटर ने पाया कि सिर्फ कॉलिंग और SMS इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के पास सस्ते विकल्प सीमित थे और ऐसी शिकायतें भी मिल रही थीं कि रिचार्ज प्लेटफॉर्म्स पर महंगे डेटा पैक को ज्यादा तरजीह दिए जाने के कारण सिर्फ कॉलिंग वाले प्लान आसानी से नहीं मिलते थे।
185, 203 और 206 रुपये के 3 नए प्रीपेड प्लान लॉन्च
Airtel ने अपने ग्राहकों की सुविधा के लिए तीन अलग-अलग वैलिडिटी वाले सस्ते रिचार्ज पैक उतारे हैं. इन पैक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें मोबाइल डेटा नहीं मिलेगा, केवल कॉलिंग और मैसेज की सुविधा होगी।
- 185 रुपये वाला प्लान: इस प्लान की वैलिडिटी पूरे 28 दिनों की रखी गई है।
- 203 रुपये वाला प्लान: इसमें ग्राहकों को 30 दिनों की वैलिडिटी दी जाती है।
- 206 रुपये वाला प्लान: यह रिचार्ज पूरे एक कैलेंडर महीने की वैलिडिटी के साथ आता है। इसकी खास बात यह है कि ग्राहक हर महीने एक ही तय तारीख पर रिचार्ज करा सकेंगे, जिससे हर महीने रिचार्ज की तारीख बदलने का झंझट हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा।
कॉलिंग, SMS और बिना किसी अतिरिक्त खर्च के HelloTunes भी
इन तीनों नए प्रीपेड पैक में ग्राहकों को मिलने वाले फायदों की बात करें, तो हर पैक में अनलिमिटेड लोकल, STD और रोमिंग कॉल की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही ग्राहकों को तीनों ही प्लान में कुल 300 SMS मिलते हैं।
कॉलिंग और मैसेज के अलावा कंपनी बिना किसी अतिरिक्त खर्च के अपने यूजर्स को ‘HelloTunes’ की सुविधा भी दे रही है। प्रीपेड ग्राहक एयरटेल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट से इन पैक को चुन सकते हैं। साथ ही यूजर्स की प्रतिक्रिया को देखते हुए कंपनी आगे चलकर ज्यादा वैलिडिटी वाले प्लान भी ला सकती है।