अलीराजपुर: जिले के उदयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ताती-अंबा के पुजारा फलिया में करीब 15 दिनों से लापता एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के दौरान मृतक रामा वाकला (50) के शव के अवशेष उसके घर के पीछे बने कमरे में रेत के नीचे से बरामद किए। पुलिस पूछताछ में उसकी पत्नी नहजुबाई (47) ने पति की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब घटना के 17 दिन बाद मजदूरी के लिए गुजरात गया मृतक का बड़ा बेटा घर लौटा। उसने पिता के बारे में मां से पूछा तो वह टालमटोल करने लगी। बेटे को संदेह हुआ और कड़ाई से पूछताछ करने पर महिला ने पति की हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और जांच में घर के पीछे रेत के नीचे दबाए गए शव के अवशेष मिले।
चरित्र शंका में पति पर किया जानलेवा हमला
पुलिस के मुताबिक, नहजुबाई ने चरित्र शंका के चलते अपने पति रामा वाकला पर लकड़ी के भारी डंडे से ताबड़तोड़ हमला किया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पति की मौत के बाद महिला ने घटना को छिपाने और सबूत मिटाने की कोशिश की।
आरोप है कि महिला ने घर के एक कमरे को बंद किया और शव को आग लगा दी। धुआं बाहर न निकले, इसके लिए उसने जलते शव को एक बड़े ड्रम से ढक दिया। हालांकि शव पूरी तरह नहीं जल सका। इसके बाद उसने अधजले अंगों को घर में पड़े रेत के ढेर में दबा दिया।
तस्वीरें और पहचान पत्र भी जलाए
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी महिला ने पहचान से जुड़े सुराग मिटाने की भी कोशिश की। उसने मृतक की तस्वीरें और पहचान पत्र आग में जलाकर नष्ट कर दिए। घटना के समय मृतक का बेटा मजदूरी के लिए घर से बाहर गुजरात गया हुआ था।
करीब 17 दिन बाद बेटा जब वापस घर पहुंचा और पिता के बारे में जानकारी मांगी, तो मां के जवाबों से उसे संदेह हुआ। पूछताछ बढ़ने पर महिला ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
रेत के ढेर से बरामद हुए शव के अवशेष
बेटे से जानकारी मिलने के बाद उदयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के पीछे बने कमरे की जांच की और रेत के ढेर से मृतक के शव के अवशेष बरामद किए।
पुलिस ने आरोपी महिला नहजुबाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।