पटना. बिहार में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस सवाल पर राजनीतिक हलचल तेज होती जा रही है. एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला है, लेकिन नीतीश कुमार को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने को लेकर स्थिति अभी भी साफ नहीं है. अंदरखाने की खबरें कहती हैं कि बीजेपी अपने मुख्यमंत्री के नाम पर विचार कर रही है, जबकि दूसरी ओर जनता दल यूनाइटेड ने सोशल मीडिया पर साफ संकेत दे दिया है कि उसकी पहली और अंतिम पसंद नीतीश कुमार ही हैं.
जेडीयू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी किया है, जिसने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। इस पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बड़ी तस्वीर के साथ लिखा गया है कि “बिहार है खुशहाल, फिर से आ गए नीतीश कुमार।” इसके साथ कैप्शन में पार्टी ने दावा किया कि “खुशहाल है बिहार… सुरक्षित है बिहार.”
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, जेडीयू के इस संदेश का सीधा मतलब है कि पार्टी किसी भी कीमत पर मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के मूड में नहीं है. यह पोस्टर बीजेपी की उस संभावित रणनीति को चुनौती देता नजर आता है, जिसके तहत पार्टी भविष्य में अपने मुख्यमंत्री का चेहरा सामने ला सकती है.
भले ही फिलहाल बीजेपी सार्वजनिक मंचों पर नीतीश कुमार को ही सीएम बनाने की बात कह रही हो, लेकिन गठबंधन के भीतर जारी यह पोस्टर राजनीति में नए समीकरणों की ओर इशारा कर रहा है. अब निगाहें इस बात पर टिक गई हैं कि बीजेपी अगला कदम क्या उठाती है.एनडीए की ओर से अब तक मुख्यमंत्री के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है.
बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी (रामविलास), हम और आरएलएम जैसे गठबंधन के घटक दलों के बीच इस मुद्दे पर चर्चा तेज है और जल्द ही एक संयुक्त बैठक में अंतिम फैसला लिया जा सकता है.
हालांकि, जेडीयू के ताज़ा पोस्टर ने साफ संकेत दे दिया है कि पार्टी अपनी तरफ से मन बना चुकी है. इसी कारण बिहार की राजनीति में अटकलें और भी तेज हो गई हैं.बीजेपी गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी है, ऐसे में वह मुख्यमंत्री पद पर अपना दावा पेश कर सकती है.