फ्लोरिडा: अमेरिका के फ्लोरिडा में हुए एक दर्दनाक विमान हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया है। 1 नवंबर 2026 को एक निजी विमान रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। इस विमान को 20 वर्षीय पायलट नथालिया गादेल्हा फिल्गुइरास उड़ा रही थीं। हादसे से ठीक 10 मिनट पहले उन्होंने अपने पायलट बॉयफ्रेंड को एक संदेश भेजा था। इसमें उन्होंने आसमान में चारों तरफ बर्फ जमने और तेज टर्बुलेंस की परेशानी का जिक्र किया था। इसके कुछ ही देर बाद विमान का नियंत्रण बिगड़ गया और वह जमीन से जा टकराया।
हादसे से 10 मिनट पहले बॉयफ्रेंड को भेजा था आखिरी संदेश
रिपोर्ट के मुताबिक, 1 नवंबर को लियरजेट 60 विमान करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था। इसी दौरान विमान के चालक दल ने हवा में बर्फ जमने और टर्बुलेंस की समस्या की सूचना देना शुरू कर दिया। विमान उड़ा रहीं नथालिया ने हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र को बताया कि विमान हल्की और पारदर्शी बर्फ की चपेट में आ रहा है। उस समय बाहर का तापमान करीब माइनस 47 डिग्री सेल्सियस था और विमान मध्यम स्तर के टर्बुलेंस का सामना कर रहा था।
हादसे के बाद सामने आई जानकारी के मुताबिक, नथालिया ने दुर्घटना से करीब 10 मिनट पहले दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर अपने साथी को संदेश भेजा था। उनके सौतेले पिता थियागो कॉर्टेलेटी ने बताया कि नथालिया के साथी भी पेशे से पायलट हैं। उन्होंने संदेश में लिखा था कि चारों तरफ बर्फ है और विमान टर्बुलेंस का सामना कर रहा है। इसके ठीक 10 मिनट बाद दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
विमान के भीतर सुनाई दी चीखें, एक शख्स कर रहा था प्रार्थना
हादसे से पहले विमान के भीतर के घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग भी सामने आई है। इसमें एक व्यक्ति को प्रार्थना करते हुए सुना जा सकता है, जबकि पायलट नथालिया की चीखें भी सुनाई दे रही हैं। उनके साथ विमान में मौजूद सह-पायलट की पहचान फिलहाल सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि विमान का चालक दल लगातार जमा हो रही बर्फ से निपटने की कोशिश कर रहा था। लेकिन बारिश के कारण हालात और चुनौतीपूर्ण हो गए। स्थिति को संभालने के लिए पायलटों ने हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र से विमान को 37 हजार फीट की ऊंचाई तक ले जाने की अनुमति मांगी।
37 हजार फीट ऊपर जाने की मांगी अनुमति, फिर अचानक नीचे गिरने लगा विमान
हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र से अनुमति मिलने के 30 सेकंड से भी कम समय बाद विमान के चालक दल ने अचानक नीचे उतरने की सूचना दी। इसके साथ ही आपातकालीन संदेश जारी किया गया। स्थानीय समय के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजकर 48 मिनट पर चालक दल ने बताया कि विमान निर्धारित सीमा से अधिक गति पकड़ चुका है और तेजी से नीचे आ रहा है।
नथालिया ने हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र को बताया कि विमान 20 हजार फीट प्रति मिनट से भी अधिक की रफ्तार से नीचे गिर रहा है। उन्होंने आपात संदेश में कहा कि विमान अत्यधिक गति से नीचे आ रहा है और जमीन से टकराने का खतरा है।
‘हे भगवान, हमारा समय खत्म हो गया है…’, आखिरी पलों में पायलट की गुहार
रिकॉर्डिंग में नथालिया को बार-बार आपात संदेश देते और मदद मांगते सुना जा सकता है। उन्होंने कहा, “मेडे, मेडे, हम 10 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे जा रहे हैं। हम ओवरस्पीड में हैं और 20 हजार फीट प्रति मिनट की गति से नीचे गिर रहे हैं। हम जमीन से टकराने वाले हैं।”
इसके कुछ ही देर बाद उनकी आवाज सुनाई दी, जिसमें वह कह रही थीं, “हे भगवान, हमारा समय खत्म हो गया है।” इसके बाद हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र के अधिकारियों ने विमान से संपर्क करने की कई कोशिशें कीं, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।
आखिरकार विमान फ्लोरिडा के ग्रीनएकर्स के एक रिहायशी इलाके में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की जान चली गई। फिलहाल इस दुर्घटना के पीछे की परिस्थितियों और विमान के अचानक नियंत्रण से बाहर होने के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।