बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक हेलमेट पहने बदमाश ने जूते और बैग की मरम्मत करने वाली दुकान में घुसकर महिला रिसेप्शनिस्ट को निशाना बनाया। आरोपी ने पहले उसके दोनों हाथ फेवीक्विक से मेज पर चिपका दिए और फिर गले पर चाकू रखकर करीब 4.5 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन लूट ली। महिला ने विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपी ने चाकू दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, स्थानीय लोगों और यातायात पुलिसकर्मियों की सतर्कता से आरोपी ज्यादा दूर नहीं भाग सका और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
दुकान में घुसते ही महिला की गर्दन पर रख दिया चाकू
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता जयश्री एस. की उम्र 23 साल है। वह बेंगलुरु के डूलुर इलाके में रहती हैं और इंदिरानगर स्थित प्रीमियम शू एंड बैग रिपेयर नाम की दुकान में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती हैं। दुकान पर ग्राहक मरम्मत के लिए जूते जमा करते हैं, जिन्हें बाद में कार्यशाला भेजा जाता है। जयश्री ग्राहकों को रसीद देने और मरम्मत के बाद जूते लौटाने का काम संभालती हैं। दुकान के मालिक रंजीत हैं।
घटना 31 अक्टूबर की है। जयश्री सुबह करीब 10 बजे दुकान पहुंची थीं और रोजाना की तरह काम कर रही थीं। दोपहर करीब 12 बजे हेलमेट और दस्ताने पहने एक व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ। उसने जयश्री से कहा कि कोई उसे मारने के लिए आ रहा है। उसकी बात सुनकर जयश्री ने दुकान मालिक रंजीत को फोन करने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही आरोपी ने चाकू निकालकर उनकी गर्दन पर लगा दिया।
इसके बाद बदमाश ने अपने बैग से फेवीक्विक निकाला और जयश्री के दोनों हाथ मेज से चिपका दिए। उसने महिला के मुंह में कपड़े का एक टुकड़ा भी ठूंस दिया, ताकि वह शोर न मचा सके।
35 ग्राम की सोने की चेन लूटी, कीमत करीब 4.5 लाख रुपये
महिला को बेबस करने के बाद आरोपी ने उनके गले से करीब 35 ग्राम वजन की सोने की चेन जबरन छीन ली। इसकी बाजार कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये बताई गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश दुकान से भागने लगा।
इस बीच जयश्री ने किसी तरह मेज से अपने हाथ छुड़ाए और आरोपी के पीछे दौड़ पड़ीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए आगे आए। लोगों को अपनी ओर बढ़ता देख आरोपी ने एक बार फिर जयश्री की गर्दन पर चाकू लगा दिया और धमकी दी कि अगर किसी ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह महिला की जान ले लेगा।
दुकान मालिक ने भी किया पीछा, चाकू लहराकर दी जान से मारने की धमकी
इसी दौरान दुकान मालिक रंजीत भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आसपास के लोगों के साथ मिलकर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाश ने चाकू लहराते हुए सभी को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने जयश्री को फिर से अपने कब्जे में लिया और उन्हें ढाल बनाकर भागने की कोशिश की।
हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों और यातायात पुलिसकर्मियों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और आखिरकार उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है।
आरोपी प्रभुराज गिरफ्तार, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच शुरू
डीसीपी (ईस्ट) विक्रम अभाते के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रभुराज के रूप में हुई है। उसके खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।