नितेश तिवारी के निर्देशन और रणबीर कपूर स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता चरम पर है। इस साल दिवाली के खास मौके पर बड़े पर्दे पर इतिहास रचने आ रही इस महागाथा की ओटीटी (OTT) रिलीज़ से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। क्या आप जानते हैं कि सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद जब यह फिल्म आपके मोबाइल और टीवी स्क्रीन पर आएगी, तो इसे देखने का तरीका आम फिल्मों से बिल्कुल अलग होने वाला है? डिजिटल रिलीज़ के इस नए और अनोखे मॉडल ने सिनेमा प्रेमियों के बीच नया सस्पेंस खड़ा कर दिया है!
जियोहॉटस्टार पर होगी स्ट्रीमिंग
सिनेमाघरों में रिलीज़ से पहले ही मेकर्स ने फिल्म के डिजिटल पार्टनर्स फाइनल कर लिए हैं। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत यह भव्य फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर स्ट्रीम की जाएगी।
बुधवार को फिल्म निर्माता नमित मल्होत्रा के ‘प्राइम फोकस स्टूडियोज़’ और जियोहॉटस्टार ने इस महा-साझेदारी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
‘पे-पर-व्यू‘ मॉडल का ट्विस्ट
यदि आप सोच रहे हैं कि रेगुलर सब्सक्रिप्शन के जरिए आप इस फिल्म को घर बैठे देख पाएंगे, तो ऐसा नहीं है। भारत में दर्शकों के लिए यह फिल्म ‘पे-पर-व्यू’ (Pay-Per-View) यानी ‘ऑन-डिमांड परचेज’ फीचर के तहत उपलब्ध होगी।
इसका मतलब यह है कि थिएट्रिकल विंडो खत्म होने के बाद दर्शकों को जियोहॉटस्टार पर यह फिल्म देखने के लिए अपने मौजूदा प्लान के अलावा अलग से भुगतान (पेमेंट) करना होगा।
दिवाली पर भव्य रिलीज़
नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित ‘रामायण: राइज ऑफ द लीजेंड’ 5 नवंबर 2026 को दिवाली के पावन अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म को IMAX 3D फॉर्मेट में भी दिखाया जाएगा। मेकर्स दर्शकों को सलाह दे रहे हैं कि ऑनलाइन स्ट्रीमिंग से पहले वे इस महाकाव्य का असली रोमांच बड़े से बड़े पर्दे पर अनुभव करें।
बता दें कि दो भागों की इस लाइव-एक्शन फिल्म सीरीज का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है, जबकि इसकी पटकथा श्रीधर राघवन ने लिखी है। इसे प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी (DNEG) और यश की कंपनी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स’ मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।