लखनऊ के चर्चित शिव शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे से पुलिस की पूछताछ जारी है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक ज्यादातर सवालों पर उसने चुप्पी साध रखी है। पुलिस ने जब घटना के दिन की पूरी कहानी, वारदात के बाद नेपाल पहुंचने, फिर आगरा और नागपुर जाने के रास्ते और बरामद कैश के बारे में सवाल किए, तो श्रद्धा ने कथित तौर पर सिर्फ इतना कहा “मेरे वकील से बात करिए, मुझसे नहीं।” अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि हत्या के बाद आरोपी कहां-कहां गई और इस पूरे मामले में कौन-कौन शामिल था।
4 मोबाइल और कैश बरामद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों के पास से 4 मोबाइल फोन और नकदी (कैश) बरामद की गई है। जब पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धा से सवाल किया कि बिना एटीएम और बिना यूपीआई का इस्तेमाल किए यह कैश कहाँ से आया, तो उसने कोई जवाब नहीं दिया और चुप्पी साधे रखी।
इन मुख्य सवालों से बचती दिखी आरोपी श्रद्धा
पूछताछ के दौरान पुलिस ने वारदात और फरारी से जुड़े कई अहम सवाल पूछे:
9 तारीख (घटना के दिन): उस दिन पूरे घटनाक्रम में क्या और कैसे हुआ, इस पर श्रद्धा ने खुलकर कोई जवाब नहीं दिया।
घटनास्थल की स्थिति: वारदात के वक्त फ्लैट में कौन-कौन मौजूद था?
फरारी का रूट: वारदात के बाद नेपाल कैसे पहुंची, उसके बाद कहाँ-कहाँ गई, फिर आगरा और नागपुर कैसे पहुंची?
नेपाल से वापसी: नेपाल से लखनऊ कब और कैसे पहुंची?
मददगारों की जानकारी: इस दौरान साथ में कौन-कौन शामिल था?
अधिकतर सवालों के जवाब देने से बचते हुए श्रद्धा ने पुलिस से सिर्फ एक ही रटा-रटाया जवाब दिया— “मुझसे नहीं, मेरे वकील से बात करिए।”
मामले में पुलिस की विस्तृत पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।