सुनहरी रोशनी से चमकता अमृतसर का दरबार साहिब, चारों तरफ भक्ति का माहौल और उसी बीच अचानक हाथ जोड़े खड़ी बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान की आंखों से बह निकले आंसू। अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘उड़ता तीर’ की रिलीज से ठीक पहले जब सारा अली खान अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ गोल्डन टेंपल में माथा टेकने पहुंचीं, तो वहां कुछ ऐसा हुआ जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। प्रार्थना करते-करते सारा इतनी भावुक हो गईं कि वह खुद पर काबू न रख सकीं और फूट-फूटकर रोने लगीं। इंटरनेट पर इस पल का वीडियो सामने आते ही फैंस हैरान हैं और लगातार पूछ रहे हैं कि आखिर एक्ट्रेस के आंसुओं की वजह क्या थी?
दशहरा के दिन गोल्डन टेंपल में अरदास, सारा ने शेयर की तस्वीर
फिल्म ‘उड़ता तीर’ के प्रमोशन के सिलसिले में सारा अली खान और आयुष्मान खुराना दशहरा के दिन अमृतसर के प्रसिद्ध गोल्डन टेंपल पहुंचे थे। सारा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आयुष्मान के साथ एक तस्वीर भी शेयर की, जिसमें दोनों व्हाइट कपड़ों में नजर आ रहे हैं और सारा ने दुपट्टे से अपना सिर ढका हुआ है।
दोनों हाथ जोड़कर प्रार्थना करते दिख रहे हैं। इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए सारा ने लिखा, “हैप्पी दशहरा, सभी को ढेर सारा प्यार, अच्छी किस्मत और खुशियां मिलें,” और फैंस को त्योहार की बधाई दी।
प्रार्थना करते वक्त फूट-फूटकर रोईं एक्ट्रेस, वीडियो हुआ वायरल
तस्वीर सामने आने के बाद इंटरनेट पर एक क्लिप तेज़ी से वायरल होने लगी, जिसमें सारा दरबार साहिब के भीतर बेहद इमोशनल नजर आ रही हैं। गुरु घर में प्रार्थना करते समय उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और वह फूट-फूटकर रोती दिखीं।
हालांकि, उन्होंने तुरंत खुद को संभालने और कंट्रोल करने की पूरी कोशिश भी की। इस दौरान उनके साथ मौजूद आयुष्मान खुराना भी हाथ जोड़कर शांत भाव से प्रार्थना करते नजर आए।
23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
फिल्म ‘उड़ता तीर’ के जरिए सारा अली खान और आयुष्मान खुराना की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ स्क्रीन शेयर करने जा रही है, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है। दोनों कलाकार फिल्म की सफलता की कामना के लिए गुरुद्वारे पहुंचे थे।
आकाश ए. कौशिक के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। बता दें कि पहले यह फिल्म 9 अक्टूबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया था।