चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने अपनी पुरानी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। पंजाब की वोटर लिस्ट से अपना नाम हटने और बाद में दिल्ली की वोटर लिस्ट में शामिल होने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच चड्ढा ने AAP पर तंज कसते हुए खुद को पार्टी का ‘एक्स बॉयफ्रेंड’ बताया।
राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी उनके बीजेपी में जाने के बाद ‘एक्स गर्लफ्रेंड’ की तरह व्यवहार कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि पार्टी उन्हें भूल नहीं पा रही है और लगातार उनका नाम ले रही है।
‘AAP को रात में भूत बनकर आता हूं’
वोटर लिस्ट से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की हालत ऐसी हो गई है कि उन्हें रात में सपने में भी राघव चड्ढा नजर आते हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी लगातार उनके नाम का जिक्र कर रही है।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि AAP उस ‘एक्स गर्लफ्रेंड’ की तरह है, जिसे उसका बॉयफ्रेंड छोड़कर जिंदगी में आगे बढ़ गया है, लेकिन वह अब भी उसे भूल नहीं पाई है। इसी अंदाज में उन्होंने कहा कि उन्हें चिंता है कि कहीं पार्टी उनकी याद में अपनी ‘नसें’ न काट ले।
पंजाब में ड्रग्स के मुद्दे पर सरकार को घेरा
राघव चड्ढा ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर भगवंत मान सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नशीले पदार्थों की उपलब्धता गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है और कई इलाकों में इसकी बिक्री का आरोप लगातार सामने आता रहा है।
उन्होंने स्वर्गीय गुलजार सिंह का जिक्र करते हुए सरकार से सवाल किया कि अगर कोई परिवार अपने बच्चे के नशे की लत को लेकर सरकार से मदद मांगता है तो उसकी सुनवाई क्यों नहीं होती। चड्ढा ने दावा किया कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने की कोशिश की जा रही है।
बीजेपी का ‘नशा मुक्त पंजाब’ अभियान
राघव चड्ढा ने बताया कि बीजेपी पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि 18 से 30 सितंबर तक ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ निकाली जाएगी। यह यात्रा चार अलग-अलग स्थानों से शुरू होगी और इसके जरिए लोगों के बीच नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का दावा किया गया है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य घर-घर तक यह संदेश पहुंचाना है कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए केंद्र और राज्य स्तर पर मिलकर काम करने की जरूरत है।
पंजाब की राजनीति में बढ़ी राघव चड्ढा की सक्रियता
राघव चड्ढा कभी आम आदमी पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं। अब बीजेपी में शामिल होने के बाद उनकी सक्रियता पंजाब की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है। उनके AAP पर लगातार हमलों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।