लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बहराइच में तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई है। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज स्थित महबूबनगर गांव में मंगलवार तड़के बरामदे में चारपाई पर सो रहे 28 वर्षीय राम सिंह पर तेंदुए ने हमला कर दिया। वन विभाग के मुताबिक, तेंदुआ उन्हें चारपाई से उठाकर झाड़ियों की ओर ले गया। सुबह तलाश के दौरान घर से करीब 200 मीटर दूर उनका शव बरामद हुआ।
प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि घटना तड़के करीब 3 बजे की है। राम सिंह घर के बरामदे में सो रहे थे, तभी तेंदुआ उन्हें उठाकर ले गया। सुबह जब परिजनों ने उन्हें चारपाई पर नहीं देखा तो ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद घर से लगभग 200 मीटर दूर झाड़ियों में उनका शव मिला।
तेंदुए के पैरों के निशान मिले
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम और मोतीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वनकर्मियों ने घटनास्थल और आसपास के इलाके की जांच की। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर तेंदुए के पैरों के निशान भी मिले हैं।
वन विभाग ने प्रभावित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई है। अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीव के हमले में मौत के मामले में शासन के नियमानुसार 5 लाख रुपये की मुआवजा राशि दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
छह हफ्तों में 9 तेंदुए पकड़े गए
डीएफओ अपूर्व दीक्षित के मुताबिक, पिछले करीब छह सप्ताह के दौरान कतर्नियाघाट क्षेत्र में पिंजरे लगाकर 9 तेंदुओं को पकड़ा गया है। इन तेंदुओं को सुरक्षित प्राकृतिक वास स्थलों में छोड़ा गया है।
राम सिंह की मौत के बाद प्रभावित क्षेत्र में एक और पिंजरा लगाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही पिंजरा लगाया जाएगा।
ग्रामीणों को रात में सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। अधिकारियों ने लोगों से रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने और बच्चों तथा बुजुर्गों को अकेले घर से बाहर न भेजने की अपील की है। घटना के बाद महबूबनगर और आसपास के गांवों में तेंदुए को लेकर लोगों में भय का माहौल है।