नई दिल्ली: कर्नाटक सरकार ने जनस्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए Amazon, Swiggy Instamart और Bigbasket के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर जहरीले धतूरे के फल और बीज बिक्री के लिए उपलब्ध होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की है। सरकार ने संबंधित विक्रेताओं और प्रतिष्ठानों के लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन पर भी तत्काल रोक लगाने का आदेश दिया है।
धतूरे की ऑनलाइन बिक्री पर सरकार सख्त
खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन के मुताबिक, कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर FSSAI लाइसेंस के तहत धतूरे के फल और बीज बिक्री के लिए लिस्ट किए गए थे। प्रशासन ने इसे गंभीर मामला माना, क्योंकि धतूरा एक जहरीला पौधा है और इसके फल तथा बीज का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
सरकार ने सभी संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटर्स को निर्देश दिया है कि मानव उपभोग के उद्देश्य से धतूरे से जुड़ी सभी ऑनलाइन लिस्टिंग, विज्ञापन और प्रमोशनल सामग्री तुरंत हटाई जाए। साथ ही भविष्य में इसकी बिक्री पर भी रोक लगाने को कहा गया है।
Amazon, Swiggy Instamart और Bigbasket के सप्लायर्स पर भी कार्रवाई
सरकार ने सिर्फ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर ही कार्रवाई नहीं की है, बल्कि धतूरे की आपूर्ति करने वाले विक्रेताओं और प्रतिष्ठानों के लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन भी तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
संबंधित अधिकारियों को पूरी कार्रवाई की निगरानी करने और जल्द से जल्द अनुपालन रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है। यह कदम खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत उठाया गया है।
क्यों खतरनाक है धतूरा?
धतूरा जहरीले गुणों वाला पौधा है। इसके फल और बीज का सेवन करने पर शरीर पर गंभीर प्रभाव पड़ सकते हैं। इसी वजह से खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसके ऑनलाइन कारोबार को लेकर सख्त रुख अपनाया है।
धतूरे को अंग्रेजी में Thorn Apple और तमिल में Umathai के नाम से भी जाना जाता है।
लाइसेंस कब बहाल होंगे?
फिलहाल Amazon, Swiggy Instamart और Bigbasket के फूड लाइसेंस का निलंबन अगले आदेश तक जारी रहेगा। कंपनियों और संबंधित विक्रेताओं को पहले अनुपालन रिपोर्ट देनी होगी। इसके बाद संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने का मौका मिलेगा और फिर लाइसेंस बहाल करने को लेकर फैसला लिया जाएगा।
सरकार ने राज्य और केंद्र के संबंधित अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि इन प्लेटफॉर्म्स को धतूरा सप्लाई करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाए।