जिले के चांदीनगर थाना क्षेत्र के लहचौड़ा गांव स्थित एक गणेश मंदिर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मंदिर के पुजारी ने अपने शिष्यों के साथ मिलकर दो युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए दोनों के शवों को मंदिर के प्रांगण में ही दफना दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी महंत के फरार रहने के बावजूद, उसके शिष्यों से मिली जानकारी के आधार पर मंदिर परिसर से दोनों शव बरामद कर लिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
सिगोली तगा गांव के रहने वाले इसरार और अंकित, जो कि एक दिव्यांग युवक था दोनों गहरे दोस्त थे। बीते 25 जुलाई को दोनों बाइक पर सवार होकर घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो 29 जुलाई को चांदीनगर थाने में दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस जांच और चौंकाने वाला खुलासा
जांच के दौरान पुलिस की सुई लहचौड़ा स्थित गणेश मंदिर के महंत नरेश नाथ पर आकर रुकी। जब पुलिस ने महंत से पूछताछ करने की कोशिश की, तो वह फरार हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर उसके शिष्यों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया,शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक अंकित की बहन के साथ मंदिर के पुजारी के अवैध संबंध थे।
अंकित को जब इस बात की जानकारी हुई, तो वह अपने दोस्त इसरार के साथ पुजारी से आमने-सामने बात करने और इसका विरोध जताने गणेश मंदिर गया था। दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद पुजारी और उसके साथियों ने दोनों युवकों की हत्या कर दी और किसी को शक न हो, इसलिए उनके शवों को मंदिर के प्रांगण में ही गड्ढा खोदकर दफना दिया।
पुलिस की कार्रवाई
पुजारियों के शिष्यों से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने 13 अगस्त की रात करीब 3 बजे गणेश मंदिर के प्रांगण में खुदाई कराई। खुदाई के दौरान दोनों लापता युवकों के शव बरामद कर लिए गए।
शव मिलने की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए, जिससे पूरे इलाके में कोहराम मच गया और सनसनी फैल गई। चांदीनगर थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेज दिया है। मुख्य आरोपी महंत अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस इस दोहरे हत्याकांड के पीछे की अन्य वजहों और रंजिश के पहलुओं की भी गहराई से जांच कर रही है।