वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तुर्की में हालिया शिखर सम्मेलन के दौरान अपना विमान बदले जाने को लेकर बड़ा खुलासा किया है। ट्रंप ने पुष्टि की है कि सुरक्षा खतरे की वजह से उन्हें एयर फोर्स वन के बजाय दूसरे विमान में ले जाया गया था। उन्होंने कहा कि वह वही करते हैं, जिसकी सलाह उन्हें सीक्रेट सर्विस और सेना की ओर से दी जाती है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्हें कई ऐसी धमकियां मिलती हैं, जिनके बारे में आम लोगों को जानकारी नहीं है।
खतरे की वजह से बदला गया था विमान
ट्रंप का यह बयान उन खबरों के बीच आया है, जिनमें दावा किया गया था कि तुर्की यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कतर से मिले बोइंग 747-8 विमान का इस्तेमाल करने के बजाय पुराने एयर फोर्स वन से यात्रा की और इसके बाद एक छोटे सी-32ए विमान में चले गए।
ट्रंप ने अब खुद इस बात की पुष्टि कर दी है कि विमान बदला गया था। उनका कहना है कि सुरक्षा अधिकारियों और सेना ने उन्हें दूसरे विमान से जाने की सलाह दी थी और उन्होंने उनकी बात मानते हुए ऐसा किया।
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में क्या था दावा?
इससे पहले आई रिपोर्ट में कहा गया था कि ईरान की ओर से संभावित खतरे को देखते हुए ट्रंप की विमान यात्रा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरती गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति को पुराने एयर फोर्स वन से एक छोटे सी-32ए विमान में स्थानांतरित किया गया था।
बताया गया था कि यह बदलाव बेहद गोपनीय तरीके से किया गया। ट्रंप को एक कैटरिंग कंटेनर के जरिए पुराने विमान से निकालकर छोटे विमान तक पहुंचाया गया था। उस समय व्हाइट हाउस या ट्रंप की ओर से विमान बदलने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
‘मैं सीक्रेट सर्विस और सेना की बात मानता हूं’
ओहायो से लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने विमान बदले जाने की वजह पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वह सीक्रेट सर्विस और सेना की सलाह का पालन करते हैं। ट्रंप के मुताबिक, अधिकारियों ने उन्हें किसी दूसरी उड़ान या विमान से जाने को कहा था और उन्होंने वही किया।
ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि उस समय कोई खतरा था, लेकिन उन्होंने इस बारे में ज्यादा जानकारी लेने की कोशिश नहीं की। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अक्सर धमकियां मिलती रहती हैं।
‘मुझे कई ऐसे खतरों का सामना करना पड़ता है, जिनके बारे में लोग नहीं जानते’
ट्रंप ने आगे दावा किया कि उन्हें कई तरह के खतरों का सामना करना पड़ता है, जिनकी जानकारी आम जनता को नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण राष्ट्रपति के सामने कई खतरे होते हैं।
ट्रंप ने इसी दौरान खुद को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्रपति बहुत महत्वपूर्ण नहीं होते, उन्हें धमकियां नहीं मिलतीं और उन्हें लगता है कि शायद वह सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रपति हैं।