नई दिल्ली: महिलाओं को डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए अब पिंक टिकट नहीं, बल्कि पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होगा। दिल्ली परिवहन निगम ने स्पष्ट किया है कि 31 जुलाई 2026 के बाद गुलाबी टिकट जारी नहीं किए जाएंगे। ऐसे में 1 अगस्त से मुफ्त यात्रा का लाभ केवल पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के जरिए ही मिलेगा।
क्या है पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड?
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड दिल्ली सरकार की पहल है, जिसके माध्यम से दिल्ली में रहने वाली पांच वर्ष या उससे अधिक आयु की सभी महिलाएं डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। पहले हर यात्रा के दौरान महिलाओं को कंडक्टर से पिंक टिकट लेना पड़ता था, लेकिन अब इस कार्ड के जरिए बस में कार्ड टैप कर सीधे यात्रा की जा सकेगी।
इसके अलावा, यदि इस कार्ड को यूपीआई के माध्यम से रिचार्ज किया जाता है तो इसका उपयोग दिल्ली मेट्रो में भी किया जा सकता है।
किन महिलाओं को मिलेगा कार्ड का लाभ?
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए आवेदक का दिल्ली का निवासी होना जरूरी है। आवेदक की आयु कम से कम पांच वर्ष होनी चाहिए। साथ ही उसके पास आधार कार्ड या वोटर पहचान पत्र जैसे वैध पहचान दस्तावेज होने चाहिए, जिन पर दिल्ली का आवासीय पता दर्ज हो।
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए कैसे करें आवेदन?
इस कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इच्छुक महिलाओं को दिल्ली में स्थित डीसी कार्यालय, एसडीएम कार्यालय या डीटीसी के अधिकृत केंद्रों पर जाकर आवेदन करना होगा। राजधानी में इसके लिए 50 केंद्र बनाए गए हैं।
आवेदन के समय मूल आधार कार्ड, जिस पर दिल्ली का पता दर्ज हो, और मोबाइल नंबर साथ लेकर जाना होगा। इसके लिए पहले से किसी प्रकार का अपॉइंटमेंट लेने की आवश्यकता नहीं है।
ऐसे मिलेगा तुरंत कार्ड
केंद्र पर पहुंचने के बाद आधार आधारित बायोमेट्रिक या ओटीपी सत्यापन किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक महिला को केवल एक ही पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किया जाए। सत्यापन पूरा होने के बाद मौके पर ही कार्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा और इसके लिए अतिरिक्त इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
धीमी रफ्तार से बन रहे कार्ड, डीटीसी की बढ़ी चिंता
डीटीसी के अनुसार, महिलाओं की ओर से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अपेक्षा के अनुरूप तेज नहीं चल रही है। इसी वजह से निगम ने चिंता जताई है। अधिकारियों ने महिलाओं से जल्द से जल्द कार्ड बनवाने की अपील की है। इसके लिए बसों में विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक महिला यात्री समय रहते अपना कार्ड बनवा सकें।