नई दिल्ली: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार रफ्तार पकड़ रहा है और अब इसके दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के भीतर मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। वहीं, गुरुवार को बिहार समेत देश के कई राज्यों में आंधी के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर, मुंबई में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पालघर जिले में अत्यधिक वर्षा की चेतावनी के चलते रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
गुरुवार को कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, 2 जुलाई को महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। वहीं, बिहार में 2 जुलाई से 7 जुलाई के बीच अलग-अलग इलाकों में बारिश के आसार हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी गुरुवार को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। गुजरात, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी तेज वर्षा का पूर्वानुमान है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में मानसून की एंट्री के संकेत, आंधी और बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे दिन बादल छाए रहने, मध्यम बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। दोपहर से पहले 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मुंबई और कोंकण में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 2 जुलाई से 4 जुलाई के बीच मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसी को देखते हुए मुंबई और कोंकण क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार, इस अवधि में कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
पालघर में रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज और आंगनवाड़ी बंद
पालघर जिले में गुरुवार को अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। संभावित भारी से अत्यधिक भारी वर्षा को देखते हुए जिला कलेक्टर इंदूरानी जाखड़ ने जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और आंगनवाड़ियों में अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। बुधवार को भी जिले में पूरे दिन लगातार तेज बारिश होती रही, जिससे कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली।