वडोदरा: गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। वडोदरा-जरोद रोड पर कोटंबी गांव के पास एक स्लीपर लक्जरी बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि बस में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तड़के हाईवे से गुजर रही तेज रफ्तार स्लीपर बस अचानक आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर बेहद जोरदार थी, जिसके चलते बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी, कई यात्री बस में फंसे
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया।
घायलों को सयाजी अस्पताल भेजा गया
हादसे में घायल हुए 26 यात्रियों को तत्काल वडोदरा के सयाजी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एनडीआरएफ और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम को मौके पर बुलाया गया। बचाव दल ने बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए अभियान चलाया। सूचना मिलते ही जरोद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करने का काम किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।