नई दिल्ली: प्रधानमंत्री Narendra Modi ने आज ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में वैश्विक पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का सीधा असर पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है और इसी वजह से ईंधन की उपलब्धता पर दबाव बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा, “जहाँ युद्ध चल रहा है, वही क्षेत्र हमारी ऊर्जा जरूरतों का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट की स्थिति बन रही है।” उन्होंने मार्च महीने को वैश्विक स्तर पर काफी घटनापूर्ण बताया और कहा कि कोविड के बाद भी दुनिया लगातार संघर्षों से जूझ रही है।
ऊर्जा संकट पर फोकस, अफवाहों से बचने की अपील
प्रधानमंत्री ने इस दौरान ऊर्जा सुरक्षा को सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया। उन्होंने पश्चिम एशिया को दुनिया का प्रमुख ऊर्जा हब बताते हुए कहा कि वहाँ का तनाव सीधे ईंधन की कीमतों और सप्लाई को प्रभावित कर रहा है। साथ ही उन्होंने देशवासियों और राजनीतिक दलों से अपील की कि इस मुद्दे को राजनीति से ऊपर उठकर देखें और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें।
पीएम मोदी ने कहा कि इस समय सही और आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करना बेहद जरूरी है, ताकि किसी तरह की घबराहट की स्थिति न बने।
भारत की तैयारी मजबूत, गल्फ देशों का जताया आभार
प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि भारत इस चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में देश ने जो क्षमताएं विकसित की हैं और जो मजबूत वैश्विक साझेदारियां बनाई हैं, उनकी बदौलत भारत इस संकट का मजबूती से सामना कर रहा है।
उन्होंने गल्फ देशों का भी खास तौर पर धन्यवाद किया, जिन्होंने वहां रह रहे एक करोड़ से ज्यादा भारतीयों को सहयोग दिया है। पीएम मोदी ने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा, “यह निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण समय है, लेकिन हम सब मिलकर इसे पार कर सकते हैं।”
यह एपिसोड आज सुबह 11 बजे प्रसारित हुआ, जिसमें वैश्विक संघर्ष, ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
दरअसल, पश्चिम एशिया में हाल के संघर्ष—खासकर ईरान से जुड़े तनाव—की वजह से अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है। इसका असर पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की सप्लाई पर पड़ रहा है। भारत, जो दुनिया के बड़े ऊर्जा आयातकों में से एक है, इस पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।