उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक 34 वर्षीय फैशन डिजाइनर ने अपने लिव-इन पार्टनर की प्रताड़ना से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस का एक सिपाही है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
सैनिक नगर क्षेत्र में रहने वाली एक फैशन डिजाइनर महिला का शव बुधवार रात उनके आवास पर मिला। मृतका मूल रूप से कासगंज की रहने वाली थीं और पिछले चार सालों से आगरा के ताजगंज थाने में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर जेबी गौतम के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी सिपाही ने लंबे समय तक शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक और मानसिक शोषण किया।
शादी के इनकार ने ली जान
परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन आरोपी कांस्टेबल हर बार बहाने बनाकर बात टाल देता था। हाल ही में दोनों के बीच इसी बात को लेकर तीखी तकरार हुई थी। तनाव इस कदर बढ़ा कि महिला ने मानसिक रूप से टूटकर फासी लगा कर अपनी जान दे दी|
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही को हिरासत में लिया। आरोपी जेबी गौतम के खिलाफ यौन शोषण और धारा 306 आत्महत्या के लिए उकसाना के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने ये भी बताया की घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन मृतका का मोबाइल फोन कई राज खोल सकता है। कॉल रिकॉर्ड्स और चैट्स की जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि आत्महत्या से ठीक पहले उनके बीच क्या बातचीत हुई थी|