दिल्ली, एनसीआर से लेकर पहाड़ों तक आज मौसम ने अचानक करवट ले ली। इतना ही नहीं, पहाड़ों पर इस साल सीजन की पहली बर्फबारी भी देखने को मिली।
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम का मौसम हाल के दिनों में बदलता हुआ नजर आ रहा था, और लोग सर्दी के बजाय गर्मी का अहसास कर रहे थे। लेकिन केवल 12 घंटों के भीतर मौसम पूरी तरह बदल गया, और लोगों को फिर से सर्दी का अहसास हुआ।
आसमान में काले बादल एकाएक छा गए और तेज हवाओं ने मौसम को ठंडा कर दिया। सुबह से शुरू हुई बारिश 11 बजे तक लगातार जारी रही, जिससे लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर अंधेरा छा गया और झमाझम बारिश के बीच कार और बाइक वालों को लाइट जलाकर चलना पड़ा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में ये मौसमी बदलाव रात तक जारी रह सकता है। तेज हवाओं ने एकाएक मौसम को सर्द कर दिया। वहीं, मौसम ने बसंत पंचमी पर भी ठंडक का अहसास दे दिया।
मौसम विभाग का कहना है कि दो दिन की राहत के बाद 26 जनवरी को फिर से दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। ऐसे में उत्तर भारत में फिर से बारिश देखने को मिल सकती है। काले बादलों के कारण रोशनी भी बहुत कम थी, और कम दृश्यता के कारण सड़क पर लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।