अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वेनेजुएला के घटनाक्रम को लेकर खुलकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वेनेजुएला में एक बड़े सैन्य अभियान के तहत राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार किया गया। अमेरिका के अनुसार यह ऑपरेशन कुछ ही मिनटों में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया, हालांकि इसके लिए महीनों तक तैयारी की गई थी।
इस बीच सोशल मीडिया पर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी का एक वीडियो सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह वीडियो गिरफ्तारी के बाद न्यूयॉर्क से सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मादुरो को ब्रुकलिन स्थित अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के मुख्यालय लाया गया, जिसके बाद उन्हें मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया।
हालांकि, इस दौरान मादुरो की बॉडी लैंग्वेज सबसे ज्यादा चर्चा में रही। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में जब उन्हें हिरासत में ले जाया जा रहा था, तब वह कैमरे की ओर देखते हुए ‘हैप्पी न्यू ईयर’ और ‘गुड नाइट’ कहते नजर आए। मादुरो का यह अंदाज़ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
गिरफ्तारी के बाद मादुरो और उनकी पत्नी को हेलीकॉप्टर के जरिए एक अमेरिकी युद्धपोत तक ले जाया गया और वहां से अमेरिका की ओर रवाना किया गया। ट्रंप प्रशासन ने बताया कि मादुरो पर न्यूयॉर्क में मुकदमा चलाया जाएगा। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि इस ऑपरेशन में कुछ अमेरिकी सैनिक घायल हुए, लेकिन किसी की मौत नहीं हुई।