क्राइम

चार दिन पहले खोली थी चाय की दुकान, उसी जगह लटका मिला शव… निठारी कांड में मुख्य आरोपी रहे सुरेंद्र कोली ने की आत्महत्या!

साल 2005 के बहुचर्चित निठारी कांड से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। इस सनसनीखेज मामले के मुख्य आरोपी रहे सुरिंदर कोली की हरिद्वार में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले ही कोली ने हरिद्वार में चाय की दुकान खोली थी, उसी दुकान में रस्सी के सहारे उसका शव लटका हुआ मिला। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद बताया है कि सुरिंदर कोली ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। सूचना मिलते ही सप्तऋषि पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आखिर क्या था निठारी कांड?

यह मामला 2005-06 के दौरान नोएडा के सेक्टर-31 स्थित निठारी गांव का है। दिसंबर 2006 में व्यवसायी मोनिंदर सिंह पंढेर की डी-5 कोठी के पीछे नाले की तलाशी के दौरान पुलिस को कई बच्चों के कंकाल और मानव अवशेष मिले थे।

इस कोठी में सुरिंदर कोली घरेलू नौकर के रूप में काम करता था। जांच में सामने आया कि इलाके से कई बच्चे और युवतियां लंबे समय से लापता थीं, जिसके बाद हत्या और यौन अपराध जैसे गंभीर खुलासे हुए।

अदालती कार्रवाई और बरी होने का सफर

मामले की शुरुआती जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। विशेष सीबीआई अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर कोली को फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, अक्टूबर 2023 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सबूतों की कमी का हवाला देते हुए मोनिंदर सिंह पंढेर और सुरिंदर कोली को बरी कर दिया था।

इसके बाद नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने भी आखिरी मामले में दोषसिद्धि बरकरार नहीं रखी, जिससे उसकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ और वह जेल से बाहर आ गया था।

कहाँ है दूसरा आरोपी मोनिंदर सिंह पंढेर?

निठारी कांड के दूसरे मुख्य आरोपी मोनिंदर सिंह पंढेर को अक्टूबर 2023 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सबूतों के अभाव में बरी कर दिया था। इसके बाद 20 अक्टूबर 2023 को उन्हें ग्रेटर नोएडा की लुक्सर जेल से रिहा कर दिया गया।

जेल से बाहर आने के बाद पंढेर चंडीगढ़ चले गए, जहां वह वर्तमान में अपने आवास पर रह रहे हैं। हाईकोर्ट के फैसले में उन्हें निठारी कांड से जुड़े कई मामलों में दोषमुक्त किया गया था। उनकी रिहाई के बाद यह बहुचर्चित मामला एक बार फिर सुर्खियों में आया, क्योंकि लंबे समय तक पंढेर और सुरिंदर कोली इस खौफनाक प्रकरण के मुख्य आरोपी रहे थे।

सुरिंदर कोली की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने एक बार फिर इस दशकों पुराने और दहला देने वाले मामले को सुर्खियों में ला दिया है। कानूनी लड़ाइयों और लंबी कैद के बाद जेल से बाहर आए कोली का इस तरह चाय की दुकान पर मृत मिलना कई अनसुलझे सवाल खड़े करता है। हालांकि, सुरिंदर कोली ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया और इसके पीछे की असली वजह क्या थी, इसका अभी तक आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर एंगल से इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

news desk

Recent Posts

TMC Name Symbol Row: TMC की पहचान पर अंतरिम रोक, ममता गुट को फुटबॉल खिलाड़ी तो ऋतब्रत खेमे को मिला लिफाफा

तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिन्ह को लेकर चल रही लड़ाई में चुनाव आयोग…

31 minutes ago